कब तक आ सकता है BPSC TRE-4 का विज्ञापन? प्रदर्शन के बाद जानिए अधिकारियों ने क्या बताया

BPSC TRE-4: BPSC TRE-4 का विज्ञापन निकालने को लेकर अभ्यर्थियों ने जमकर बुधवार को प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने बताया कि मार्च के अंत तक विज्ञापन जारी किया जा सकता है.

By Preeti Dayal | March 19, 2026 10:19 AM

BPSC TRE-4: बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर बुधवार को शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना में महाआंदोलन किया. करीब एक घंटे के प्रदर्शन के बाद प्रशासन की पहल पर छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात बीपीएससी के सचिव और परीक्षा नियंत्रक से कराई गई.

विज्ञापन को लेकर अधिकारियों ने दी चेतावनी

अधिकारियों ने बताया कि शिक्षा विभाग ने अधियाचना में कुछ बड़े संशोधन के लिए उसे वापस ले लिया है. इस संबंध में 20 मार्च को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है. बैठक के बाद संशोधित अधियाचना मिलते ही मार्च के अंत तक विज्ञापन जारी किए जाने की संभावना है.

इस मुलाकात के बाद भी दिलीप कुमार ने चेतावनी दी है कि अगर 21 मार्च तक शिक्षा विभाग अधियाचना नहीं भेजता है तो विभाग के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा. टीआरई-4 का विज्ञापन जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

अभ्यर्थियों ने वैकेंसी को लेकर क्या बताया?

बुधवार को प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया था कि वे पिछले 2 सालों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. बार-बार आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है. छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि सरकार की तरफ से प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कुछ अधिकारी देरी कर रहे हैं. इससे मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनदेखी हो रही है.

बुधवार को अभ्यर्थियों ने किया था जमकर प्रदर्शन

पटना में बिहार स्टूडेंट यूनियन के आह्वान पर हजारों की संख्या में अभ्यर्थी पटना कॉलेज से मार्च निकालते हुए गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर तक पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. इसके बाद अभ्यर्थियों ने वहीं प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की.

Also Read: जमुई में स्टील और नवादा में खुलेगा परमाणु प्लांट, नौकरी की होगी भरमार