अगले 4 दिनों तक खराब रहेगा बिहार का मौसम, 30 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, जानिए आपके जिले का हाल

Bihar Rain Alert: मौसम विभाग ने गुरुवार को 30 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है. अगले 3-4 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हालांकि पूरे जुलाई महीने में सामान्य से कम बारिश और अधिक गर्मी का भी अनुमान जताया गया है.

By Abhinandan Pandey | July 2, 2026 11:37 AM

Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून एक्टिव है, लेकिन इसके बीच मौसम विभाग ने राज्य के 30 जिलों के लिए आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है. इनमें 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.

आज इन इलाकों में बारिश और तेज हवा के आसार

मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. पिछले 24 घंटे के दौरान पटना, बेगूसराय, सीवान, मधेपुरा, सुपौल, गया, नालंदा, बगहा, जहानाबाद और पूर्णिया में अच्छी बारिश दर्ज की गई. वहीं बांका, बक्सर और औरंगाबाद में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई.

3 से 6 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 3 जुलाई को पटना समेत दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी. वहीं कैमूर, सासाराम और गया में तेज बारिश की संभावना है. 4 से 6 जुलाई के बीच मुजफ्फरपुर, बगहा, मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज और उत्तर-पूर्व बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

जुलाई में सामान्य से कम बारिश का अनुमान

बारिश के मौजूदा दौर के बावजूद मौसम विभाग ने जुलाई को लेकर चिंता जताई है. विभाग का अनुमान है कि इस महीने सामान्य से कम बारिश होगी, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. जुलाई में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

खेती और जनजीवन पर पड़ेगा असर

जुलाई धान की रोपनी का सबसे महत्वपूर्ण महीना माना जाता है. ऐसे में बारिश कम होने पर किसानों को सिंचाई के लिए भूजल पर निर्भर रहना पड़ सकता है. वहीं उमस और अधिक तापमान के कारण हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन और मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है. जून में भी बिहार में सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, जिससे मानसून की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है.

Also Read: कार वालों को 125 तो ट्रक वालों को 425 रुपये टोल, बिहार में स्टेट हाईवे की नई रेट लिस्ट जारी, जानिए आपकी गाड़ी पर कितना लगेगा चार्ज