मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन के लिए मिल गई NOC, 910 दिनों में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

Bihar Road Project: मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. वन विभाग की ओर से एनओसी मिल गई है, जिसके बाद जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा. अधिकारी की माने तो, 910 दिनों में फोरलेन का निर्माण पूरा कर लेने का लक्ष्य तय किया गया है.

By Preeti Dayal | March 9, 2026 8:26 AM

Bihar Road Project: बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है. कई सारे रोज प्रोजेक्ट्स पर काम किए जा रहे हैं. इसी क्रम में मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन से जुड़ा अपडेट है. इस फोरलेन के निर्माण में आ रही बाधा दूर हो गई है. दरअसल, वन विभाग से एनओसी मिल गई है, जिसके बाद अब टेंडर निकाला जाएगा. जल्द ही टेंडर फाइनल होने के बाद संभावना जताई जा रही है कि सितंबर महीने से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.

इस तरह किया जाएगा फोरलेन का निर्माण

जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन का निर्माण हाईब्रिड एन्यूटी मोड में कराया जाएगा. एनएचएआई की ओर से पहले ही इस प्रस्ताव पर मंजूरी दे दी गई है. इस फोरलेन के निर्माण के लिए एनओसी का ही इंतजार किया जा रहा था. लेकिन अब एनओसी मिलने के बाद एजेंसी का चयन कर निर्माण जल्द शुरू होगा. इस रोड के बनने से नेपाल जाना लोगों के लिए बेहद आसान हो सकेगा.

कितनी है परियोजना की लागत?

इस परियोजना की लागत के बारे में बताया गया कि लगभग 90 किलोमीटर लंबे टू लेन को फोरलेन में बदलने का प्रस्ताव भेजा गया था. इसके निर्माण में लागत 3590.79 करोड़ रुपए बताया गया था. फिलहाल के लिए 2831.42 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है, जिससे लगभग 82.551 किमी सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा. इस फोरलेन को 22 मीटर की चौड़ाई में बनाया जाएगा. इसमें करीब 2 मीटर चौड़ा डिवाइडर भी होगा.

फोरलेन के निर्माण से होंगे ये फायदे?

जानकारी के मुताबिक, पीआईयू के अधिकारी ने बताया गया फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू करने के 910 दिनों (ढाई साल) में पूरा कर लेने का लक्ष्य तय किया गया है. जमीन अधिग्रहण का काम भी पूरा कर लिया गया है. मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन के बनने से मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के आस-पास के जिलों के बीच आना-जाना आसान हो सकेगा. रोजगार, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा. इसके अलावा रोड कनेक्टिविटी भी मजबूत हो सकेगी.

Also Read: बिहार में लगान वसूली, दाखिल-खारिज समेत इन राजस्व कार्यों में ढिलाई पर मिलेगी सजा, आदेश जारी