राजस्व विभाग के अमीनों ने 31 मार्च तक का दिया अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं होने पर करेंगे ये काम

Bihar Revenue Department: राजस्व विभाग के अमीनों ने सरकार को 31 मार्च तक का अल्टीमेटम दिया है. इस दौरान अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे. पटना में बिहार राजस्व अमीन संघ की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया.

By Preeti Dayal | March 23, 2026 7:43 AM

Bihar Revenue Department: बिहार में राजस्व विभाग के अमीन लगातार मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने 31 मार्च तक का अल्टीमेटम दे दिया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया, जिसके बाद आज जिला मुख्यालय में जो एक दिन का धरना देने वाले थे, उसे टाल दिया है. लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने चेतावनी भी दे दी है.

पटना में बैठक के बाद लिया फैसला

जानकारी के मुताबिक, पटना में बिहार राजस्व अमीन संघ की बैठक हुई थी. इसमें राजस्व विभाग की ओर से दिए गए आश्वासन पर चर्चा की गई. इसके साथ ही उनका कहना है कि 31 मार्च तक अगर इनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर हो जायेंगे. अमीन 5 सूत्री मांगों को लेकर अभी भी काला बिल्ला लगाकर नौकरी कर रहे हैं.

अमीनों की क्या-क्या हैं मांगें?

  1. गृह जिला या फिर किसी नजदीक के जिला में ट्रांसफर हो.
  2. उचित त्रिस्तरीय प्रोन्नति के तहत राजस्व अधिकारी/कानूनगो, अंचल अधिकारी पदों पर प्रोमोट किया जाए.
  3. किसी भी क्षेत्र में घूमने या फिर मापी के लिए गाड़ी और इंटरनेट भत्ता दिया जाए.
  4. एजुकेशनल क्वालिफिकेशन (डिप्लोमा सिविल) और कार्य प्रकृति के अनुसार वेतनमान मिले.
  5. जमीन की मापी के लिए जंजीर वाहकों (चैन मैन) की नियुक्ति की जाए.

राजस्व विभाग के अफसरों की मांगें

राजस्व विभाग के अफसर भी हड़ताल पर हैं. उनकी मांगें है कि एसडीएम, एडिशनल कलेक्टर (आपदा) और लोक शिकायत निवारण पदों पर पोस्टिंग हो, DCLR पद पर बिहार राजस्व सेवा के पदाधिकारियों की वरीयता के आधार पर पोस्टिंग और कैबिनेट के निर्णय संख्या 23 और 30 को वापस करना. ऐसे में विभाग की ओर से मांगों को लेकर क्या फैसले लिए जाते हैं, यह देखने वाली बात होगी.

Also Read: 4.1 किमी लंबा फोरलेन एप्रोच पथ होगा तैयार, सुल्तानगंज से उत्तर बिहार जाना होगा अब और आसान