बिहार पंचायत चुनाव: इस बार सरकारी स्कूलों में नहीं रखे जायेंगे EVM, जानिए नया आदेश

Bihar Panchayat Chunav: बिहार में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार सरकारी स्कूलों में ईवीएम नहीं रखे जायेंगे. पंचायती राज विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है. बच्चों की पढ़ाई बाधित ना हो, इसलिए यह फैसला लिया गया है.

By Preeti Dayal | March 30, 2026 10:13 AM

Bihar Panchayat Chunav: बिहार में पंचायत चुनाव होने वाले हैं. इससे पहले पंचायती राज विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है कि सरकारी स्कूलों में इवीएम नहीं रखे जायेंगे. बल्कि सभी जिलों में वेयर हाउस का निर्माण कराने का आदेश दिया है. पहली बार राज्य में मल्टी पोस्ट ईवीएम से चुनाव कराया जाएगा.

चुनाव आयोग और पंचायती राज विभाग ने जारी किया आदेश

चुनाव आयोग की ओर से आदेश जारी किया गया है. आदेश के मुताबिक, राज्य के सरकारी स्कूलों में वेयर हाउस नहीं बनाया जाएगा. ऐसा इसलिए ताकि बच्चों की पढ़ाई किसी भी तरह से बाधित ना हो. इसी आदेश को मानते हुए पंचायती राज विभाग की तरफ से भी आदेश जारी किया गया है कि सभी जिलों में वेयर हाउस बनाए जायेंगे लेकिन उसे सरकारी स्कूलों में नहीं रखे जायेंगे. इतना ही नहीं, इसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजने का आदेश जारी किया है.

वेयर हाउस को लेकर आदेश

वेयर हाउस के निर्माण को लेकर यह भी बताया गया कि अगर किसी भवन को लीज पर लेना पड़े तो इसकी अवधि 15 साल से कम की नहीं होगी. इसके साथ ही वहां गाड़ियों का आना-जाना आसान हो, उसी जगह पर वेयर हाउस बनाया जाएगा. इसके लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है.

वेयर हाउस में ऐसी होगी सुविधा

इसके अलावा वेयर हाउस में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होगी. सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए जायेंगे और ईवीएम पर पैनी नजर रखी जाएगी. इस तरह से सुरक्षा को लेकर भी खास तैयारी का जा रही है. जानकारी के मुताबिक, जून 2026 से वोटर लिस्ट बनाने का काम शुरू हो सकता है.

इस बार के चुनाव में सबसे बड़ा बदलाव

इस बार सबसे बड़ा बदलाव मतदान के तरीके में ही देखने को मिलेगा. पहली बार पंचायत चुनाव में मल्टी-पोस्ट ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा. इसका मतलब है कि वोटर एक ही बार में 6 अलग-अलग पदों के लिए वोट डाल सकेंगे. इसमें कई बैलेट यूनिट एक कंट्रोल यूनिट से जुड़ी होंगी, जिससे प्रक्रिया आसान और तेज हो जाएगी. इस बार पंचायत चुनाव को ज्यादा व्यवस्थित और आधुनिक तरीके से कराने की तैयारी है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके.

Also Read: बिहार में हीटवेव को लेकर अलर्ट, जानिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारी