20 जून को पटना समेत 15 से ज्यादा जिलों में चलेगी लू, सीमांचल में आंधी-बारिश का अलर्ट

Bihar Monsoon Update: बिहार में 20 जून को मौसम का दोहरा असर देखने को मिल सकता है. कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना समेत दक्षिण बिहार के कई इलाकों में हीटवेव और 42 डिग्री तक तापमान रहने की संभावना जताई गई है.

By Paritosh Shahi | June 19, 2026 7:06 PM

Bihar Monsoon Update: बिहार में मानसून बहुत धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, लेकिन उससे पहले 20 जून को मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे. बिहार के कुछ हिस्सों में जहां आंधी-पानी का अलर्ट है, वहीं कुछ इलाकों में लोग भीषण गर्मी से परेशान रहेंगे.

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में लू का असर बना रहेगा.

इन जिलों में होगी आंधी-बारिश और गिरेगी बिजली

मौसम विभाग ने सीमांचल और आसपास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है. किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, बांका और जमुई में बादल छाए रहने के साथ-साथ बारिश और बिजली गिरने की पूरी संभावना है.

पटना मौसम विज्ञान केंद्र पूर्वानुमान

पटना समेत इन 13 जिलों में जारी रहेगा लू का कहर

जहां एक तरफ आधा बिहार भीगेगा, वहीं दूसरी तरफ पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, बेगूसराय, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और कैमूर में गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है. इन जिलों में सूरज के तेवर कड़े रहेंगे और अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इसके अलावा उत्तर बिहार के ज्यादातर जिलों में तापमान 36 से 38 डिग्री और सीमांचल के इलाकों में पारा 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बरतें सावधानी

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक तेज हवाओं और वज्रपात से जान-माल का नुकसान हो सकता है. इसलिए जब मौसम खराब हो, तो पक्के मकानों के अंदर ही रहें. बिजली के खंभों, ऊंचे पेड़ों और ट्रांसफार्मर से दूरी बनाकर रखें. आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्व बिहार में बारिश और तेज होगी, लेकिन दक्षिण बिहार के जिलों को राहत के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा.

इसे भी पढ़ें: बिहार बुलेट ट्रेन पर बड़ा अपडेट, पटना से दिल्ली सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, सिलीगुड़ी तक विस्तार की तैयारी

वाल्मीकिनगर में शुरू होगा हेली टूरिज्म, हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे पर्यटक, राजगीर-कैमूर से भी जुड़ेगा