बिहार में इस दिन से हेवी रेन की चेतावनी, मौसम विभाग ने पूरे बिहार में जारी किया अलर्ट
Bihar Monsoon Update: भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. बिहार में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में झमाझम और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
Bihar Monsoon Update: बिहार में मानसून एक्टिव हो गया है. इसका असर राज्य के कई जिलों में दिखने लगा है. मंगलवार सुबह खगड़िया और जमुई में तेज बारिश हुई. समस्तीपुर और कटिहार में आसमान बादलों से ढका रहा. मौसम विभाग ने आज 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं 1 जून से पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
तेज हवा के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार
विभाग का कहना है कि 30 जून से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी. पटना, नालंदा, अरवल और जहानाबाद समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं 1 जुलाई से पूरे राज्य में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है.
बीते 24 घंटे में बदला मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान बांका, बेतिया, बगहा, कटिहार, खगड़िया, छपरा, रोहतास, कैमूर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, आरा, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा और बक्सर में बारिश दर्ज की गई.
पटना में भी मौसम ने अचानक करवट ली. सुबह तेज धूप थी, लेकिन कुछ ही देर बाद काले बादल छा गए. दिन में अंधेरा जैसा माहौल बन गया. तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली. शहर के कई हिस्सों में बारिश भी हुई.
तापमान में आई गिरावट
बारिश और बादलों की वजह से कई जिलों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई. इससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को कुछ राहत मिली है.
1 जुलाई को इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, अरवल और औरंगाबाद समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक, तेज हवा और मध्यम से अच्छी बारिश होने की संभावना है.
अगले 7 दिन ऐसा रहेगा मौसम
अगले सात दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक्टिव रहेगा. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जिलों में लगातार बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग का मानना है कि इस बारिश से खेती-किसानी को फायदा मिलेगा और गर्मी से भी राहत मिलेगी. हालांकि, तेज हवा और वज्रपात को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
