Bihar Crime News: पटना में दौड़ा-दौड़ाकर युवक को मारी तीन गोली, 6 महीने पहले ही लौटा था घर

Bihar Crime News: पटना में दीवाली से एक दिन पहले रविवार को एक युवक की दौड़ा-दौड़ाकर तीन गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना कदमकुआं थाना इलाके की है. मृतक की पहचान मृत्युंजय कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है. वह 6 महीने पहले ही दिल्ली से लौटा था.

By Preeti Dayal | October 20, 2025 3:07 PM

Bihar Crime News: दीवाली के एक दिन पहले रविवार की देर रात पटना में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया. एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर तीन गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान मृत्युंजय कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है. इस घटना के बारे में बताया गया कि युवक खेमनीचक का रहने वाला है. रविवार को वह अपने दोस्तों से मिलने के लिये मैला टंकी के पास गया था. वहीं इस घटना को अंजाम दिया गया.

6 महीने पहले ही घर लौटा था युवक

मृतक के पिता की माने तो, मृत्युंजय 6 महीने पहले ही दिल्ली से लौटा था. वह टैली सीख रहा था. देर शाम लगभग 8:30 बजे प्रेमचंद्र गोलंबर से सटे मैला टंकी के पास अपने दोस्तों से मिलने गया था. इसके बाद लगभग साढ़े 11 बजे घटना की सूचना मिली. जब तक मैं पहुंचता उसकी मौत हो चुकी थी. मृतक के पिता ने कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है. इसके साथ ही कुछ लोगों के नाम की जानकारी पुलिस को भी दे दी है.

आपसी रंजिश में घटना को अंजाम देने की चर्चा

जानकारी के मुताबिक, कदमकुआं थाना से सिर्फ 150 मीटर की दूरी पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना को लेकर टाउन डीएसपी 1 राजेश रंजन की माने तो, युवक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. इतना ही नहीं वह जेल भी जा चुका है. जिन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है, उनकी पहचान हो गई है. पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है. फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी है.

गयाजी में भी मिली थी 2 भाइयों की लाश

मालूम हो, इससे पहले गयाजी से भी खबर आई थी. जहां दो भाइयों की लाश मिली थी. उस मामले में भी परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी. रविवार की शाम से दोनों भाई लापता थे. लेकिन इसके बाद देर रात दोनों की लाश मिली. घटना के बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा. हालांकि, पुलिस घटना की जांच में जुटी है.

Also Read: आम आदमी पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी सूची, जानिए किसे कहां से बनाया गया उम्मीदवार