पटना में 1 जून से बढ़ जाएगा ऑटो-बस का किराया, जानिए कितना ज्यादा देना पड़ेगा भाड़ा

Auto Bus Fare Hike: पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने के बाद अब ऑटो और बस के किराए में भी बढ़ोतरी होने वाली है. 1 जून से लोगों को बढ़ा हुआ भाड़ा देना पड़ेगा. जानकारी के मुताबिक, लोगों को 15 से 20 प्रतिशत बढ़ा हुआ किराया देना पड़ेगा.

By Preeti Dayal | May 27, 2026 10:22 AM

Auto Bus Fare Hike: बिहार में महंगाई का बोझ अभी और बढ़ने वाला है. पटना की बात करें तो, पेट्रोल-डीजल की कीमत में लगातार बढ़ोतरी के बाद शहर के ऑटो चालकों ने मनमाने ढंग से किराया लेना शुरू कर दिया है.

ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्क्स फेडरेशन के प्रांतीय महासचिव राजकुमार झा ने बताया कि किराया बढ़ोतरी को अंतिम रूप देने और उसके लिए दरों की घोषणा करने के लिए टाटा पार्क ऑटो स्टैंड में बुधवार को ऑटो यूनियनों की बड़ी बैठक होगी और 20 से 25 प्रतिशत तक किराया बढ़ेगा.

लेकिन उससे पहले ही पटना के चार प्रमुख रूटों गांधी मैदान-पटना जंक्शन, पटना जंक्शन-शेखपुरा मोड़, पटना जंक्शन-सगुना मोड़ और आशियाना-दीघा रूट में ऑटो चालकों ने किराये में पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी.

एक जून से सभी रूटों पर बढ़ जाएगा किराया

प्राइवेट बस ऑपरेटर्स भी बस भाड़ा में बढ़ोतरी को लेकर 31 मई को रामाचक बैरिया बस स्टैंड में बैठक करेंगे. उत्तर बिहार के सात रूटों पर बस मालिकों ने मंगलवार से ही भाड़ा बढ़ा दिया. इनमें पटना से किशनगंज, अररिया, सुपौल, त्रिवेणीगंज, रानीगंज, पिपरा और जदिया का बस किराया 50 से 100 रुपये तक बढ़ा है.

बिहार स्टेट मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के प्रमंडलीय अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि बस भाड़ा 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ेगा. दरों की घोषणा 31 मई की बैठक के बाद की जाएगी और उसे एक जून से लागू किया जाएगा.

जिला प्रशासन की रोक और चेतावनी का असर नहीं

जिला प्रशासन और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार बिना इजाजत किराया बढ़ोतरी को गलत ठहरा रहा है और ऐसी स्थिति में कार्रवाई की बात कह रहा है. लेकिन अब न तो प्राइवेट बस ऑपरेटर्स और न ही ऑटो यूनियनों पर इसका असर है. उनका स्पष्ट कहना है कि भाड़ा में बढ़ोतरी तो होगी ही.

Also Read: एक्शन में EOU की टीम, दरभंगा में धनकुबेर BDO के 6 अलग-अलग ठिकानों पर की छापेमारी