पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित

AISA Protest Patna : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA के बैनर तले छात्रों ने राजभवन मार्च निकाला. जेपी गोलंबर पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई. कई छात्रों को हिरासत में लिया गया, जबकि क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया.

By Nikhil Anurag | July 1, 2026 3:11 PM

AISA Protest Patna : नई शिक्षा नीति (NEP) और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ( AISA) के बैनर तले बुधवार को सैकड़ों छात्रों ने राजभवन घेराव का प्रयास किया. जेपी गोलंबर पहुंचते ही प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया. घटना के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा.

जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोका मार्च

प्रदर्शनकारी छात्र राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे. जेपी गोलंबर के पास पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका. इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए उन्हें तितर-बितर करने की कार्रवाई की.

पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में aisa का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित 2

हिरासत का विरोध, वाहन के सामने बैठे छात्र

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया. इसका विरोध करते हुए कुछ छात्र पुलिस के वज्र वाहन के सामने बैठ गए और रास्ता रोकने का प्रयास किया. पुलिस ने उन्हें हटाकर हिरासत में लिए गए छात्रों को वहां से रवाना किया.

शिक्षा नीति के विरोध में नारेबाजी

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में कई खामियां हैं और नई शिक्षा नीति छात्रों के हित में नहीं है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अपनी अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

यातायात प्रभावित, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद जेपी गोलंबर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. प्रशासन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है. हालांकि प्रदर्शन के कारण शहर के इस हिस्से में कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

ALSO READ: पटना के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश, उमसभरी गर्मी से मिली राहत