पटना स्मार्ट सिटी को चार बड़ी सौगात, सीएम आज करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास, जानिए क्या है याेजना

Patna Smart City Project : मीठापुर सीएससी आधुनिक सुविधाओं से लैस है. सीएम आज चार परियोजनाओं में तीन का उद्घाटन व एक का शिलान्यास करेंगे.

By Rajeev Kumar | June 19, 2026 8:56 AM

पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Patna Smart City Project : सीएम सम्राट चौधरी आज पटना स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर को चार बड़ी सौगात देंगे. इनमें तीन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और एक परियोजना का शिलान्यास शामिल है. सबसे पहले सीएम मीठापुर स्थित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का उद्घाटन करेंगे. करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह G+3 भवन 26 हजार वर्गफुट क्षेत्र में बना है.

मीठापुर सीएससी आधुनिक सुविधाओं से लैस

इस सेंटर में एक ही जगह पर बैंक, पोस्ट ऑफिस, नगर निगम कार्यालय, एटीएम, दुकानें, सैलून, ब्यूटी पार्लर, दीदी की रसोई, सुपरमार्केट, जिम और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इसके साथ ही ओपन एयर कैफे, ओपन एयर थिएटर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एम्फीथिएटर भी बनाया गया है. हर फ्लोर पर पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग बाथरूम की व्यवस्था की गई है. मीठापुर शैक्षणिक संस्थानों का बड़ा केंद्र है, ऐसे में यह कॉमन सर्विस सेंटर छात्रों और स्थानीय लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा.

जेपी गंगा पथ पर रिवर फ्रंट व जिगजैग पार्क का उद्घाटन

दूसरी बड़ी सौगात जेपी गंगा पथ पर बने रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और जिग जैग पार्क का उद्घाटन होगा. दीघा से सभ्यता द्वार तक गंगा किनारे विकसित रिवर फ्रंट को 32.14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. वहीं, जुहू चौपाटी की तर्ज पर बनाए गए 550 मीटर लंबे जिग जैग पार्क का निर्माण 2.54 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है. कुर्जी मोड़ से एलसीटी घाट तक बने इस पार्क में 2700 से अधिक पौधे लगाए गए हैं, बैठने के लिए बेंच और घूमने के लिए खुली जगह भी छोड़ी गई है.

गिग वर्कर्स के लिए दो एसी लाउंज आज से शुरू

इसके अलावा, गिग वर्कर्स के लिए बने दो एसी लाउंज का भी आज उद्घाटन होगा. गांधी मैदान गेट नंबर-4 और इनकम टैक्स गोलंबर के पास बने इन प्री-फैब्रिकेटेड लाउंज में बैठने, मोबाइल चार्जिंग और ठंडे पीने के पानी की सुविधा मिलेगी. यहां गिग वर्कर्स को मुफ्त में आराम करने की सुविधा दी जाएगी.

पटना स्मार्ट सिटी को चार बड़ी सौगात, सीएम आज करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास, जानिए क्या है याेजना 2

वहीं, बिहार की पहली हाइड्रोलिक मल्टीलेवल बाइक पार्किंग का शिलान्यास भी आज किया जाएगा. मौर्या लोक, बोरिंग रोड और कदमकुआं वेंडिंग जोन के पास बनने वाली इस स्वचालित पार्किंग से शहर में पार्किंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.

Also Read: पटना में जलजमाव पर लगाम की तैयारी, बुडको ने शुरू किया स्पेशल कंट्रोल रूम, तीन शिफ्टों में निगरानी