पटना में अरुणाचल की लड़की से बदसलूकी, वॉशरूम जाने के लिए मांगी ID,कहा-चिंकी और चीनी
Patna news: पटना में अरुणाचल प्रदेश से आई डांस टीम के एक लड़की के साथ नस्लीय टिप्पणी और दुर्व्यवहार किया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में गुस्सा सोसल मीडिया पर देखने को मिल रहा है
Patna news: पटना में अरुणाचल प्रदेश से पटना में परफॉर्मेंस देने आई एक डांस टीम को शहर के एक अस्पताल में न केवल अपमानित किया गया, बल्कि उन्हें सार्वजनिक वॉशरूम इस्तेमाल करने से भी रोक दिया गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक महिला अटेंडेंट पूर्वोत्तर के इन कलाकारों को “चिंकी”, “मोमो” और “चीनी” कहकर चिढ़ाती नजर आ रही है.
यह घटना 2 अप्रैल की बताई जा रही है, जिसके बाद अब लोग बिहार के मुख्यमंत्री और अरुणाचल के सीएम पेमा खांडू से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
आईडेंटिटी कार्ड दिखाओ तब जाने देंगे
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेज रंग की यूनिफॉर्म पहने एक महिला अटेंडेंट ने डांस ग्रुप को वॉशरूम जाने से रोक दिया. हैरानी की बात यह है कि अटेंडेंट ने उनसे भारतीय होने का सबूत और आईडी कार्ड की मांग की.
जब कलाकारों ने इस भेदभाव का विरोध किया, तो महिला अटेंडेंट हंसते हुए उन पर नस्लभेदी टिप्पणियां करने लगी. ग्रुप की एक महिला सदस्य ने हिम्मत जुटाकर इस पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया. वीडियो में कलाकार की भर्रायी हुई आवाज सुनी जा सकती है, जो कह रही है, “हम नॉर्थ-ईस्ट से यहां घूमने और परफॉर्म करने आते हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं की वजह से अब हमें डर लगने लगा है.”
हम अपने ही देश में पराये क्यों?
वीडियो के वायरल होते ही एक्स (ट्विटर) और फेसबुक पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. लोग इस घटना को बेहद असंवेदनशील और शर्मनाक बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “पूर्वोत्तर के लोग भारतीय सेना में सेवा देते हैं, देश के लिए मेडल जीतते हैं और टैक्स भरते हैं, फिर भी उन्हें अपने ही देश में विदेशियों जैसा बर्ताव क्यों झेलना पड़ता है?”
नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने भी इस मामले के संज्ञान में आने के बाद बिहार पुलिस से संपर्क साधा है. फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, लेकिन जांच की मांग जोर पकड़ रही है.
Also Read: पटना में दीघा से रूपसपुर तक रहेगा ट्रैफिक ब्लॉक, जानिए वैकल्पिक रूट
