26 मार्च को शुरू हो सकती है पटना फेज-2 मेट्रो,जानें किन स्टेशनों के बीच दौड़ेगी ट्रेन?

Patna Metro : लंबे समय से प्रतीक्षित पटना मेट्रो के दूसरे फेज का उद्घाटन आगामी 26 मार्च को होने की संभावना है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' का समापन राजधानी पटना में होना है. माना जा रहा है कि विकास कार्यों और '7 निश्चय' योजनाओं के निरीक्षण के साथ-साथ मुख्यमंत्री मेट्रो के इस नए स्ट्रेच का उद्घाटन कर शहर को एक हाईटेक परिवहन सेवा समर्पित करेंगे.

By Pratyush Prashant | March 22, 2026 2:07 PM

Patna Metro : पटना मेट्रो का यह विस्तार शहर की सूरत बदलने वाला साबित होगा. वर्तमान में मलाही पकड़ी और कंकड़बाग जैसे इलाकों में वाहनों का भारी दबाव रहता है. मेट्रो के आने से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि लोगों का कीमती समय भी बचेगा.

प्रशासन की योजना है कि जैसे-जैसे ट्रैक तैयार होते जाएं, वैसे-वैसे परिचालन शुरू कर दिया जाए ताकि लोगों को पूरी प्रोजेक्ट खत्म होने का इंतजार न करना पड़े.

इन चार स्टेशनों के बीच शुरू होगा सफर

मेट्रो प्रशासन ने फेज-2 के उद्घाटन के लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है. दूसरे फेज का आवाजाही शुरू होते ही पटना के चार प्रमुख स्टेशनों—पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरोमाइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो दौड़ने लगेगी. लगभग 6.2 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर परिचालन शुरू होने से शहर के एक बड़े हिस्से को सीधा लाभ मिलेगा.

विशेष रूप से अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं होगी, क्योंकि उन्हें अब घंटों ऑटो या रिक्शा के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा.

ट्रायल सफल, अब बस अंतिम सर्टिफिकेट की बारी

अधिकारियों के मुताबिक, भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच 2.75 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक पूरी तरह तैयार है. इस रूट पर मेट्रो का ट्रायल रन पहले ही सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. उप सीएमआरएस (CMRS) प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम ने ट्रैक और स्टेशनों का बारीकी से निरीक्षण किया है.

वर्तमान में केवल फायर और सीएमआरएस का अंतिम सुरक्षा सर्टिफिकेट मिलना बाकी है, जिसके 26 मार्च से पहले मिल जाने की उम्मीद है. सुरक्षा मानकों की पुष्टि होते ही यह रूट आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.

तीसरे चरण में मीठापुर तक पहुंचेगी मेट्रो

दूसरे फेज के उद्घाटन की आहट के साथ ही तीसरे चरण की तैयारी भी तेज हो गई है. अगले चरण में मेट्रो का विस्तार खेमनीचक से मीठापुर के बीच किया जाना है. इस रूट पर बिजली के खंभे (OHE) लगाने का काम शुरू हो चुका है और जल्द ही ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी.

इस रूट के तैयार होने के बाद खेमनीचक, जगनपुरा, रामकृष्णानगर और मीठापुर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे पटना की पूरी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था बदल जाएगी.

Also Read: पटना के इस इलाके में बनाया जाएगा 5 स्टार होटल, जानिए कब तक बनकर होगा तैयार