प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी 10वीं की छात्रा, जान देने की कोशिश, काउंसलिंग के बाद मानी

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में 10वीं की एक नाबालिग छात्रा प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गई. कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास करने के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां महिला दरोगा की काउंसलिंग के बाद छात्रा ने अपनी जिद छोड़ दी.

By Sarfaraz Ahmad | July 4, 2026 10:20 PM

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में एक 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई. परिजनों के समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी तो उसने कथित तौर पर जहर खाकर जान देने की कोशिश की. इलाज के बाद भी छात्रा अपनी जिद पर कायम रही, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा. पुलिस की काउंसलिंग के बाद छात्रा ने अपनी जिद छोड़ दी.

प्रेमी पर केस दर्ज कराने थाने पहुंची मां

मामले के अनुसार, छात्रा की हरकतों और लगातार शादी की जिद से परेशान होकर उसकी मां मिठनपुरा थाने पहुंची. उन्होंने पुलिस को बताया कि एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर शादी के लिए उकसा रहा है. महिला ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की.

परिजनों के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी छात्रा बार-बार आत्महत्या करने की धमकी दे रही थी, यदि उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई.

यह भी पढ़ें: रिश्तेदार के यहां शादी में आई नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी हिरासत में

महिला दरोगा ने की काउंसलिंग

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाने में मौजूद महिला दरोगा ने छात्रा को अलग बैठाकर काफी देर तक समझाया. उन्होंने छात्रा को बाल विवाह से जुड़े कानून और कम उम्र में शादी के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

महिला पुलिस अधिकारी ने छात्रा से कहा कि 18 वर्ष की आयु से पहले शादी करना कानूनन अपराध है. फिलहाल उसे अपनी पढ़ाई और भविष्य पर ध्यान देना चाहिए.

यह भी पढ़ें: पढ़ने की जिद… ‘मुझे शादी नहीं, करियर बनाना है’, माता-पिता के खिलाफ थाने पहुंची ग्रेजुएशन की छात्रा

समझाइश के बाद छात्रा ने छोड़ी जिद

लंबी काउंसलिंग के बाद छात्रा शांत हुई और उसने भविष्य में ऐसा आत्मघाती कदम नहीं उठाने का भरोसा दिया. इसके बाद उसकी मां उसे अपने साथ घर ले गई. फिलहाल पुलिस ने मामले को पारिवारिक स्तर पर काउंसलिंग के जरिए शांत करा दिया है.

यह भी पढ़ें: ‘बॉस’ बनकर ठग रहे साइबर अपराधी, व्हाट्सएप पर रहें अलर्ट