मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना

Muzaffarpur Weather News: मुजफ्फरपुर में सोमवार देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है तथा मंगलवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है.

By Purushottam Kumar | July 6, 2026 11:07 PM

Muzaffarpur Weather News: उत्तर बिहार समेत मुजफ्फरपुर में सोमवार को मॉनसून पूरी तरह सक्रिय नजर आया. दिनभर बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी के बाद देर रात अभी तक झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली.

दिनभर बादल छाए रहे, हुई झमाझम बारिश

पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहे. पुरवा हवा की तेज रफ्तार के बीच शहर के कई इलाकों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही. देर रात मॉनसून ने रफ्तार पकड़ी और कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई.

24 घंटे में 2.2 मिमी बारिश दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 2.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इस दौरान अधिकतम हवा की रफ्तार 18.6 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम में ठंडक महसूस हुई.

कल भी बारिश की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे. तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

किसानों के लिए राहत लेकर आई बारिश

आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश धान सहित खरीफ फसलों की बुआई और खेतों की तैयारी के लिए लाभदायक साबित होगी.