रील के लिए हथियार लहराकर बनाया वीडियो, अब पहुंचा जेल, पुलिस ने बंदूक भी की जब्त

Muzaffarpur Viral Video Case: मुजफ्फरपुर के सकरा में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया. लाइसेंसी बंदूक और गोली जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया गया.

By Aaruni Thakur | July 2, 2026 9:39 PM

Muzaffarpur Viral Video Case: मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से एक लाइसेंसी बंदूक और कारतूस भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

ग्रामीण एसपी के अनुसार, आरोपी की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के सभा गांव निवासी विवेक सिंह राजपूत के रूप में हुई है.

उसने लाइसेंसी बंदूक लहराते हुए वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई.

डीएसपी के नेतृत्व में हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच के लिए डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.

छापेमारी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके कब्जे से एक लाइसेंसी बंदूक और कारतूस बरामद कर जब्त किए गए.

गार्ड की नौकरी करता था आरोपी

पुलिस के अनुसार, विवेक सिंह राजपूत समस्तीपुर के एक लाइसेंसी हथियारधारी के यहां गार्ड के रूप में कार्य करता था.

इसी दौरान उसने बंदूक के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिससे दहशत फैलने की आशंका पैदा हुई.

बाद में दी सफाई

गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर दावा किया था कि उसने यह वीडियो केवल कॉमेडी कंटेंट के लिए बनाया था.

हालांकि पुलिस ने इसे गंभीर मानते हुए कानूनी कार्रवाई की. फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: मैरिज ऐप पर हुई दोस्ती ने बर्बाद कर दी जिंदगी, प्यार, गेमिंग और निवेश के जाल में युवक से 40 लाख की साइबर ठगी