जमालपुर. प्रदेश में शराबबंदी की घोषणा के बाद शराब पीने वालों के विरुद्ध पुलिसिया कार्रवाई और फिर कोर्ट का चक्कर लगाना पड़ता है. इसे लेकर क्षेत्र के युवा पीढ़ी का सबसे पसंदीदा नशा स्मैक बन चुका है. आसानी से उपलब्ध होने वाला यह नशा जिस प्रकार से एक व्यवसाय के रूप में गति पकड़ रहा है. उससे यही लगता है कि आने वाला समय जमालपुर उड़ता पंजाब बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है.
इस व्यवसाय को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी की जाती है, परंतु सामाजिक स्तर के साथ अभिभावकों की संवेदनहीनता इस नशे को आजादी दे रही है. बताया जाता है कि इस नशे का सेवन करने वाले युवा चहल-पहल और कोलाहल से दूर अपनी अलग दुनिया में रहना पसंद कर रहे हैं.