मुंगेर नगर निगम श्रमिक यूनियन की ओर से गांधी चौक स्थित साईं सेलिब्रेशन हॉल में सशक्त स्थाई समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. सभी सदस्यों को चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उपमहापौर मो. खालिद हुसैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स के वरीय उपाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. समारोह की अध्यक्षता करते हुए नगर निगम श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष संजय केशरी ने कहा कि शहर की सरकार में सशक्त स्थाई समिति मंत्रिपरिषद् की तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, जबकि उपमहापौर को नेता प्रतिपक्ष के समान अधिकार प्राप्त हैं. उन्होंने कहा कि यदि उपमहापौर और स्थाई समिति समन्वय के साथ कार्य करें तो नगर निगम में जनहित और श्रमिक हित के कार्यों को गति मिलेगी. उपमहापौर मो. खालिद हुसैन एवं सशक्त स्थाई समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज और लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा तथा श्रमिकों के शोषण और उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मौके पर समिति के सदस्य मीना देवी, अनिल कुमार सिंह, राजेश कुमार ठाकुर, मंटू पांडे, पंकज कुमार गुप्ता एवं विकास आनंद सहित अन्य मौजूद थे.