मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट
Motihari News: बंजरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में शनिवार को अंचलाधिकारी रोहन रंजन सिंह के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से स्थानांतरित हुए अन्य लिपिकों, राजस्व कर्मचारियों, पंचायत सचिवों और अमीनों को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. मुजफ्फरपुर बंदोबस्त कार्यालय में स्थानांतरित हुए सीओ रोहन रंजन सिंह ने अपने कार्यकाल को यादगार बताते हुए सभी सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया.
बंजरिया का कार्यकाल हमेशा रहेगा यादगार
सीओ रोहन रंजन सिंह ने कहा कि मार्च 2024 में पदभार ग्रहण करने के बाद से बंजरिया में बिताया गया समय उनके प्रशासनिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और यादगार दौर रहा. उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और सहयोग हमेशा उनके साथ रहेगा. उन्होंने अपनी पूरी टीम का विशेष आभार जताते हुए कहा कि टीमवर्क के बिना किसी भी प्रशासनिक जिम्मेदारी का सफल निर्वहन संभव नहीं है.
छात्रों और युवाओं का स्नेह देख हुए भावुक
समारोह के दौरान स्थानीय छात्र और युवा सीओ को धन्यवाद देने पहुंचे. युवाओं ने कहा कि प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए सीओ हमेशा तत्पर रहते थे और बिना अनावश्यक परेशानी के उनकी समस्याओं का समाधान करते थे. विद्यार्थियों का स्नेह और सम्मान देखकर रोहन रंजन सिंह भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं. यह दृश्य देखकर समारोह में मौजूद कई लोगों की आंखें भी भर आईं.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सराही कार्यशैली

बीडीओ अजय कुमार प्रिंस ने कहा कि रोहन रंजन सिंह का कुशल प्रशासन, सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा याद रखा जाएगा. प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कार्यशैली से लोगों का विश्वास जीता है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
विदाई समारोह में भाजपा नेता अवध पटेल, राजस्व कर्मचारी दीपक कुमार, मुन्नीलाल कुमार, मुकेश कुमार, सुबोध कुमार, मनोज राम, पंचायत सचिव दिलीप कुमार पंडित, राजीव कुमार टिंकू सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के सभी कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
