मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल संगठनात्मक जिला भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता अवध पटेल की मुश्किलें बढ़ गई हैं. बंजरिया थाना पुलिस ने अंबिका नगर स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर एक इश्तेहार (TR नंबर 554/26) चस्पा किया है. न्यायालय के आदेश पर पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कुर्की-जब्ती पूर्व की वैधानिक कार्रवाई के बाद से जिले के स्थानीय राजनीतिक गलियारों में भारी हड़कंप मच गया है और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
वर्ष 2009 के चुनावी मुकदमों में एक्शन

इस पूरे मामले पर खुद भाजपा नेता अवध पटेल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पुलिस की यह कार्रवाई वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के समय दर्ज हुए मामलों से संबंधित है. उस दौरान वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के आधिकारिक इलेक्शन एजेंट के रूप में कार्य कर रहे थे. चुनावी सरगर्मी के बीच उन पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन (Model Code of Conduct Violation) सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मोतिहारी के छतौनी, नगर और तुरकौलिया थाने में कुल मिलाकर 13 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे.
चार दशक तक सींचा दल, संकट में पार्टी ने किया दरकिनार: अवध पटेल
वर्ष 1980 से यानी भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा से जुड़े रहने वाले अवध पटेल ने इस कानूनी कार्रवाई के बीच अपनी गहरी व्यथा और दर्द व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में कभी दल नहीं बदला और पूरी निष्ठा के साथ भाजपा को सींचने का काम किया है. उन्होंने बेहद भावुक होते हुए आरोप लगाया कि आज जब उन पर यह कानूनी संकट गहराया है, तो पार्टी के स्थानीय नेतृत्व ने उन्हें पूरी तरह दरकिनार कर दिया है.
सांसद संजय जायसवाल और शीर्ष नेतृत्व से हस्तक्षेप की गुहार
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने अपनी उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व सहित पश्चिम चंपारण के स्थानीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल से इस पूरे प्रकरण में तुरंत हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि वे कानूनविदों से राय ले रहे हैं और बहुत जल्द न्यायालय के माध्यम से खुद को इन सभी मामलों में बेदाग साबित करने की तैयारी में जुटे हैं. दूसरी तरफ, बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने आधिकारिक तौर पर भाजपा नेता के घर इश्तेहार चस्पा किए जाने की पुष्टि की है और कहा है कि पुलिस कानून के मुताबिक अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है.
