बिहार बोर्ड ने बढ़ाई ऑन स्पॉट एडमिशन की तारीख, 9 जुलाई तक करें आवेदन

Bihar Board Inter Admission 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 11वीं ऑन स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 जुलाई 2026 कर दी है. बिहार बोर्ड के साथ-साथ CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के 10वीं पास विद्यार्थी भी OFSS के माध्यम से रिक्त सीटों पर नामांकन करा सकते हैं.

By Purushottam Kumar | July 5, 2026 3:53 PM

बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट

Bihar Board Inter Admission 2026: इंटरमीडिएट सत्र 2026-28 में 11वीं कक्षा में नामांकन से वंचित विद्यार्थियों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बड़ी राहत दी है. बोर्ड ने ऑन स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 जुलाई 2026 कर दी है. अब बिहार बोर्ड के साथ-साथ CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के छात्र भी OFSS के माध्यम से रिक्त सीटों पर नामांकन करा सकेंगे.

बोर्ड ने बढ़ाई ऑन स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सत्र 2026-28 के लिए इंटरमीडिएट की 11वीं कक्षा में ऑन स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि 1 जुलाई से बढ़ाकर 9 जुलाई 2026 कर दी है. इससे उन हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अब तक नामांकन नहीं करा सके थे. इच्छुक छात्र-छात्राएं अब सीधे संबंधित +2 स्कूल या इंटर कॉलेज के प्राचार्य से संपर्क कर रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे.

CBSE, ICSE समेत अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों को भी मिलेगा अवसर

समिति की ओर से जारी निर्देश के अनुसार बिहार बोर्ड के अलावा CBSE, ICSE और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से 10वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं भी इस स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं. ऐसे विद्यार्थी OFSS प्रणाली के तहत उपलब्ध सीटों पर नामांकन करा सकेंगे.

संस्थानों को रिक्त सीटों की सूची प्रदर्शित करने का निर्देश

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी संबद्ध +2 विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों को निर्देश दिया है कि वे अपने परिसर में कम से कम तीन स्थानों पर रिक्त सीटों की सूची प्रदर्शित करें. इससे विद्यार्थियों को उपलब्ध सीटों की जानकारी आसानी से मिलेगी और नामांकन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी.

स्लाइड-अप वाले विद्यार्थियों के लिए बोर्ड की अहम सूचना

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों ने पहले नामांकन के बाद स्लाइड-अप का विकल्प चुना था, लेकिन नए आवंटित संस्थान में प्रवेश नहीं लिया, उनका पूर्व नामांकन स्वतः रद्द हो चुका है. ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा ऑनलाइन आवेदन करना होगा. यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो वे वर्ष 2028 की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे.

Ai generated image

10 जुलाई तक पोर्टल अपडेट करना होगा अनिवार्य

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि प्रतिदिन हुए ऑन स्पॉट नामांकन की जानकारी तत्काल OFSS पोर्टल पर अपलोड करें. सभी संस्थानों को 10 जुलाई 2026 तक अंतिम अपडेट हर हाल में पूरा करना होगा. निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल अपडेट नहीं करने पर संबंधित संस्थान प्रमुख के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्पॉट एडमिशन के माध्यम से नामांकित सभी विद्यार्थी वर्ष 2028 की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे.

यह भी पढ़ें: कभी राजाओं और अंग्रेजों का ठिकाना रही तेतरिया कोठी, आज जर्जर हालत में है ऐतिहासिक इमारत