मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट
Banjaria Police Action: बंजरिया थाना क्षेत्र में प्रेमी जोड़े के साथ हुई बर्बरता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने सभी 7 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रेमी जोड़े को बनाया बंधक, पहनाई चप्पलों की माला
मिली जानकारी के अनुसार, पचरुखा पूर्वी पंचायत के पकड़िया टोला का रहने वाला संजय सहनी अपनी प्रेमिका से मिलने कचहरिया टोला गया था. वहां ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए प्रेमी जोड़े को बंधक बनाया और बेरहमी से पीटा. अमानवीयता की हदें पार करते हुए दोनों का मुंडन कर उन्हें चप्पलों की माला पहनाई गई.
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई. पीड़ित महिला की शिकायत पर बंजरिया थाने में 7 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर सभी 7 नामजद आरोपियों को दबोच लिया.
सभी 7 आरोपी गिरफ्तार, भेजे जा रहे न्यायिक हिरासत
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोधा मियां, गुलमहम्मद मियां, इम्तियाज मियां, सरफराज आलम, अब्दुल बारी, मेराज आलम और अब्दुल बारी (अन्य) के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि कानून को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: जिलाधिकारी बने निक्षय मित्र, पांच टीबी मरीजों को प्रदान की पोषण किट
