बिहार के 87 रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे मॉडर्न टाइम टेबल बोर्ड, ट्रेनों की टाइमिंग जानना होगा और आसान

Bihar News: सोनपुर मंडल के 87 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए टाइम टेबल विद एडवरटाइजमेंट बोर्ड लगाए जाएंगे. इसके लिए 15 जून को ई-नीलामी होगी. रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी आसानी से मिलेगी और स्टेशन की सूचना व्यवस्था पहले से बेहतर होगी.

By Abhinandan Pandey | June 12, 2026 7:01 PM

Bihar News: यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए सोनपुर मंडल ने बड़ी पहल की है. मंडल के 87 रेलवे स्टेशनों पर नए टाइम टेबल विद एडवरटाइजमेंट बोर्ड लगाए जाएंगे. इन बोर्डों के लगने से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी आसानी से मिल सकेगी. रेलवे का मानना है कि इससे स्टेशन की सूचना व्यवस्था और मजबूत होगी.

शाहपुर पटोरी और दलसिंहसराय भी शामिल

इस योजना में शाहपुर पटोरी, दलसिंहसराय समेत सोनपुर मंडल के कुल 87 स्टेशन शामिल हैं. स्टेशनों पर आधुनिक समय सारणी बोर्ड लगाए जाएंगे. इससे यात्रियों को ट्रेन का समय जानने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा.

15 जून को होगी ई-नीलामी

रेलवे ने इन बोर्डों को लगाने के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए 15 जून को ऑनलाइन नीलामी आयोजित की जाएगी. इच्छुक व्यक्ति, एजेंसियां और कंपनियां इसमें हिस्सा ले सकेंगी.

लोकोमोटिव पर विज्ञापन का भी मौका

सोनपुर मंडल ने व्यावसायिक अवसर बढ़ाने के लिए एक और कदम उठाया है. पांच लोकोमोटिव पर विज्ञापन प्रदर्शन से जुड़ी निविदाओं की ई-नीलामी भी 15 जून को होगी. इससे रेलवे को अतिरिक्त आय मिलने की उम्मीद है.

बेगूसराय और नवगछिया में भी नीलामी

रेलवे ने बताया कि बेगूसराय और नवगछिया रेलवे स्टेशनों पर एनएफआर स्टॉल संचालन के लिए भी ई-नीलामी की जाएगी. यह नीलामी 18 जून को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. इच्छुक उद्यमी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

पूरी प्रक्रिया होगी पारदर्शी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी निविदाएं आईआरईपीएस (IREPS) पोर्टल के माध्यम से आयोजित की जाएंगी. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी होगी. इससे सभी प्रतिभागियों को समान अवसर मिलेगा.

रेलवे को होगा फायदा

रेलवे का मानना है कि इस पहल से अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा. विज्ञापन और स्टॉल संचालन से होने वाली आय का उपयोग यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने में किया जाएगा.

रोजगार के भी खुलेंगे अवसर

इस योजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यवसायों को भी फायदा होगा. नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को बेहतर जानकारी, सुविधाएं और आधुनिक स्टेशन अनुभव मिलने की उम्मीद है.

Also Read: RJD MLC बोले- राबड़ी देवी डायमंड ज्वेलरी नहीं पहनतीं, सिंगर को हीरे का कंगन गिफ्ट करने के बाद JDU ने की ED जांच की मांग