पंचायत भवन परिसर में उपस्वास्थ्य केंद्र का किया गया शुभारंभ

मधवापुर प्रखंड की मुखियापट्टी पंचायत भवन परिसर स्थित पैक्स भवन में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र का समारोह पूर्वक शुभारंभ किया गया.

By RANJEET THAKUR | January 28, 2026 6:42 PM

बेनीपट्टी. मधवापुर प्रखंड की मुखियापट्टी पंचायत भवन परिसर स्थित पैक्स भवन में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र का समारोह पूर्वक शुभारंभ किया गया. हरलाखी विधायक सह जदयू के सचेतक सुधांशु शेखर, पंचायत की मुखिया आरती कुमारी देवी, भाजपा नेता अजय भगत व सीएचसी के डॉ अविनाश कुमार सहित अन्य ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. अध्यक्षता मुखिया आरती कुमारी ने की. संचालन भाजपा नेता अजय भगत ने किया. विधायक ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश का सभी क्षेत्रों में चहुंमुखी विकास हो रहा है. सभी पंचायतों में एक उप स्वास्थ्य केंद्र खुलेगा. उप स्वास्थ्य केंद्र के खुलने से पंचायत के गरीब और जरूरतमंद लोगों को छोटी-छोटी बीमारी के लिये अब बाहर जाने की बाध्यता नही रहेगी. पंचायत में ही मुफ्त इलाज होगा. मधवापुर सीएचसी के चिकित्सक डॉ कुमार ने कहा कि इस उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम की प्रतिनियुक्ति रहेगी और फिलहाल 27 प्रकार की दवा उपलब्ध होगी. आने वाले समय में फर्मासिस्ट व चिकित्सक आदि अन्य कर्मी व सुविधाएं भी बहाल की जा सकेगी. उसके बाद 144 तरह की दवाइयां भी मुहैया हो इसके लिये भी पहल किया जायेगा. मौके पर देव भूषण कुमार, एएनएम मंजू कुमारी, रामचंद्र गोस्वामी, उप मुखिया सुरेश पंजियार, सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रसाद साह, रुपेश झा, अवधेश मिश्र, परमेश्वर महतो, रौशन नायक, विपत पंजियार, रामविलास मंडल, राम सुंदर महतो, मोहन राम, विपत यादव व शिवजी ठाकुर समेत अन्य लोगमौजूद थे.