तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार मां की मौत, बेटा गंभीर घायल, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
मधुबनी के बाबूबरही में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार 45 वर्षीय महिला कामिनी देवी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया.
मधुबनी के बाबूबरही से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन भी किया.
खरीदारी कर लौट रहे थे मां-बेटे
मृतका की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के सिकटियाही गांव निवासी भूषण प्रसाद सिंह की पत्नी कामिनी देवी (45) के रूप में हुई है. घायल पुत्र रोशन कुमार (20) का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, मां-बेटे रविवार को स्कूटी से खरीदारी करने गए थे. लौटते समय बरैल रेलवे गुमटी और बौधू पोखर के बीच पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी.
मौके पर ही महिला की मौत, चालक फरार
टक्कर इतनी तेज थी कि कामिनी देवी सड़क पर गिर गईं और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में रोशन कुमार भी घायल हो गए.
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने कुछ देर तक सड़क पर शव रखकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर एसडीपीओ-2 कामिनी कौशल और बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया. पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: बंद घर का ताला तोड़कर 18 लाख की चोरी, एफएसएल टीम जांच में जुटी
