डॉक्टर दिवस पर मेडिकल कॉलेज में सम्मानित हुए चिकित्सक, मरीजों को बेहतर इलाज का लिया संकल्प

Madhubani News: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर मधुबनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सकों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में डॉ. बिधान चंद्र राय को श्रद्धांजलि अर्पित कर डॉक्टरों ने बेहतर स्वास्थ्य सेवा और मानव सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया.

By Purushottam Kumar | July 1, 2026 4:47 PM

मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट

Madhubani News: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को मधुबनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में चिकित्सकों, मेडिकल शिक्षकों, जूनियर डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ तथा मेडिकल छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सकों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहते हैं.

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने का लिया संकल्प

कॉलेज प्रशासन ने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया. कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों ने समर्पण, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली.

प्रबंध निदेशक ने चिकित्सकों को दी शुभकामनाएं

मेडिकल कॉलेज के प्रबंध निदेशक तौसीफ अहमद ने कहा कि डॉक्टर दिवस केवल सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति चिकित्सकों की जिम्मेदारी को याद करने का दिन है. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सभी चिकित्सक पूरी निष्ठा से मरीजों की सेवा कर रहे हैं, जिसके कारण अस्पताल में विभिन्न विभागों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं. उन्होंने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं.