तेल भरवाने के बाद हुआ विवाद, पिस्टल निकालते ही मचा हड़कंप, दो गिरफ्तार

Madhubani Crime News: मधुबनी के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित महात्मा डीजल सर्विस पेट्रोल पंप पर विवाद के दौरान हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. दो देशी पिस्टल, तीन कारतूस, दो मोबाइल और एक बाइक बरामद हुई.

By Aaruni Thakur | July 4, 2026 11:01 AM

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Madhubani Crime News: मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित महात्मा डीजल सर्विस पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के दौरान हुए विवाद ने अचानक तनावपूर्ण रूप ले लिया. चार युवकों ने कथित तौर पर एक ग्राहक को हथियार दिखाकर धमकाया, जिससे पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए.

ये भी पढ़ें: बिहार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 15 जुलाई से आवेदन, जानें जरूरी दस्तावेज और पूरी प्रक्रिया

तेल भरवाने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे थे. तेल लेने के बाद किसी बात को लेकर उनकी नोजलकर्मी से कहासुनी हो गई.

विवाद बढ़ता देख एक ग्राहक बीच-बचाव करने पहुंचा. आरोप है कि इसी दौरान चारों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और कमर से पिस्टल निकालकर उस पर तान दी.

लोगों ने दिखाई हिम्मत, दो आरोपियों को दबोचा

हथियार निकलते ही पेट्रोल पंप पर दहशत फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप के मैनेजर, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए चारों युवकों को पकड़ने का प्रयास किया.

इस दौरान दो आरोपी भाग निकले, जबकि राकेश कुमार और गोपाल यादव को हथियार समेत पकड़ लिया गया.

ये भी पढ़ें: हज पर जाना है तो जल्द करें आवेदन, 20 जुलाई आखिरी तारीख, जानें जरूरी दस्तावेज और नियम

पुलिस ने मौके से क्या-क्या किया बरामद

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों ने पकड़े गए दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस ने तलाशी के दौरान निम्न सामान बरामद किया—

बरामद सामानसंख्या
देशी पिस्टल2
कारतूस3
मोबाइल फोन2
मोटरसाइकिल1

पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर दोनों आरोपियों को थाना ले जाकर पूछताछ शुरू की.

फरार आरोपियों की तलाश जारी

जयनगर थाना पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पूछताछ के दौरान फरार दोनों आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है.

ये भी पढ़ें: मैरिज ऐप पर हुई दोस्ती ने बर्बाद कर दी जिंदगी, प्यार, गेमिंग और निवेश के जाल में युवक से 40 लाख की साइबर ठगी