पीएचसी में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गयी.

By DIGVIJAY SINGH | January 30, 2026 10:39 PM

घोघरडीहा . प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गयी. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल हो गया. मृत नवजात की मां इनरवा वासी बिनोद कुमार साह की पत्नी प्रमिला देवी (32) है. प्रसूता प्रमिला देवी शुक्रवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर घोघरडीहा पीएचसी पहुंची थीं. अस्पताल परिसर में पहुंचते ही उन्होंने बच्चे को जन्म दे दिया. मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल नवजात को अंतर्वासी कक्ष में ले जाकर आवश्यक उपचार शुरू किया. जन्म के समय ही नवजात की हालत बेहद नाजुक थी. उसे बचाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों ने हरसंभव प्रयास किया. स्थिति में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए नवजात को उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया. हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि रेफर के दौरान रास्ते में ही नवजात की मौत हो गई. नवजात की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रशासन व स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और बाद में शव लेकर अपने घर लौट गए. वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रसूता और नवजात को तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गई थी तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया. मामले की वास्तविक स्थिति की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.