नगर निगम ढाई करोड़ रुपए खर्च कर सफाई संसाधनों की करेगी खरीदारी

नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति की 26 जून बैठक में लिए गए निर्णय को अमली जामा पहनाया जा रहा है. मेयर अरुण राय व नगर आयुक्त अनिल चौधरी ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार काम किया जा रहा है.

By Prabhat Khabar News Desk | July 11, 2024 10:21 PM

मधुबनी. नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति की 26 जून बैठक में लिए गए निर्णय को अमली जामा पहनाया जा रहा है. मेयर अरुण राय व नगर आयुक्त अनिल चौधरी ने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार काम किया जा रहा है. बैठक के इस दौरान 180 दिनों में शहर में व्यापक बदलाव करने का निर्णय लिया गया था. इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई में अब बदलाव देखने को मिलेगा. निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर संसाधनों की खरीदारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है. डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य नियमित रूप से कराने पर बल दिया जा रहा है. इसके लिए जैम पोर्टल से चयनित सामग्रियों की खरीदारी का काम अंतिम चरण में है. निविदा में भाग लेने वाली एजेंसियों के तकनीकी प्रस्तावों का मिलान किया जा रहा है. जिसे पूरा होने के बाद इनके वित्तीय प्रस्तावों में न्यूनतम बोली वाली एजेंसी को कार्यादेश प्रदान किया जायेगा. इसके तहत पहले चरण में 20 ई रिक्शा की खरीदी जाएगी. ताकि गलियों व मोहल्ले से कचरा का उठाव व संग्रहण का कार्य सहज रुप से हो सके. एक ई रिक्शा पर लगभग तीन लाख खर्च होने का अनुमान है. ई रिक्शा की खरीदारी में करीब 60 लाख रुपए खर्च होंगे. साथ ही आठ टीपर की खरीदारी के लिए तकनीकी बोली की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. प्रति टीपर औसतन 13 लाख खर्च होने का अनुमान है. 150 कचरा पेटी भी खरीद की जाएगी. यत्र तत्र कचरा डालने पर लगेगी रोक शहर के विभिन्न स्थानों पर खुले में कचरा डाल दिया जाता है. इस पर रोक के लिए 100 मेटल कचरा पेटी खरीदने का निर्णय लिया गया है. जिसके लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं 50 कचरा पेटी प्लास्टिक की खरीदारी होगी. इस खरीदारी के लिए निगम द्वारा तकनीकी बोली का सत्यापन किया जा रहा है. उम्मीद किया जा रहा है कि अगस्त माह में इन सभी सामग्रियों की खरीदारी हो जायेगी. निगम प्रशासन के पास पहले से 12 ई रिक्शा और पांच टीपर उपलब्ध है. इन सभी सामग्रियों की खरीदारी के बाद हर वार्ड के लिए एक वाहन उपलब्ध हो जायेगा. इससे प्रति वार्ड कचरा संग्रहण का कार्य सहज रुप से संभव हो सकेगा. निविदा प्रक्रिया के दौरान सिटी मैनेजर राजमणि कुमार, वरीय सहायक प्रमोद वर्मा व अन्य विशेषज्ञ भी थे. सफाई मुख्य प्राथमिकता : मेयर निविदा की प्रक्रिया के दौरान मेयर अरुण राय ने कहा कि शहर में सफाई मुख्य प्राथमिकता है. हर घर से कचरा को जमा कर उसे डंपिंग यार्ड तक पहुंचाने के काम में तेजी लायी जाएगी. स्वच्छ व सुंदर शहर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण काम होगा. कहते हैं अधिकारी नगर आयुक्त अनिल चौधरी ने कहा कि निर्धारित योजना के अनुसार संसाधनों की खरीदारी का काम शुरू कर दिया गया है. तय 180 दिनों की कार्य योजना में यह भी शामिल था. यीघ्र ही डी वाटरिंग मशीन की भी खरीद की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है