नव निर्वाचित विधान परिषद सदस्य भारती मेहता का मधुबनी में भव्य स्वागत, समारोह में जुटे सांसद, विधायक

Bharti Mehta MLC: विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने के बाद मधुबनी में उनका भव्य स्वागत किया गया. नागरिक अभिनंदन समारोह में सांसद आरपी मंडल, विधायक ईश्वर मंडल समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी. पढ़ें पूरी खबर…

By Sarfaraz Ahmad | June 19, 2026 5:39 PM

मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट

Bharti Mehta MLC: विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने के बाद शुक्रवार को मधुबनी शहर के एक निजी होटल के सभागार में डॉ. भारती मेहता का नागरिक अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों ने भाग लिया.

समारोह की अध्यक्षता जदयू जिला अध्यक्ष नारायण भंडारी ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष मृणालकांत सिंह मून ने किया.

सांसद आरपी मंडल ने दी बधाई

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झंझारपुर सांसद आरपी मंडल ने कहा कि डॉ. भारती मेहता का विधान परिषद सदस्य के रूप में चयन पार्टी और समाज दोनों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

उन्होंने कहा कि भारती मेहता जदयू की सक्रिय और समर्पित नेता रही हैं. उनके मनोनयन के लिए पार्टी नेतृत्व को बधाई देते हुए सांसद ने कहा कि वे अति पिछड़ा समाज और महिलाओं का प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगी.

यह भी पढ़ें: मधुबनी में खुलेगी बेसिक फूड लैबोरेटरी, खाद्य पदार्थों की जांच होगी आसान

विधायक ईश्वर मंडल ने संगठन की भूमिका बताई

दरभंगा ग्रामीण के विधायक ईश्वर मंडल ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का काम करती है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

उन्होंने डॉ. भारती मेहता के विधान परिषद सदस्य बनने को संगठन की कार्यकर्ता आधारित राजनीति का उदाहरण बताया.

जिला अध्यक्ष ने जताया गौरव

जिला अध्यक्ष नारायण भंडारी ने कहा कि मधुबनी जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां की एक महिला नेता विधान परिषद सदस्य बनी हैं. उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए डॉ. भारती मेहता के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.

यह भी पढ़ें: मधुबनी में NEET UG पुनर्परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी, 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा

भारती मेहता ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार

अपने संबोधन में डॉ. भारती मेहता ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से विधान परिषद तक का सफर उनके लिए गौरव का विषय है. उन्होंने इसके लिए पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया.

उन्होंने कहा कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगी तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में अति पिछड़ा आयोग के सदस्य केदारनाथ भंडारी, हम पार्टी की जिला अध्यक्ष विमला देवी, शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार झा, जिला परिषद सदस्य रीना मंडल सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. समारोह में सैकड़ों जदयू कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही.

यह भी पढ़ें: राजस्व कर्मचारी को धमकाने और वाहन से धक्का मारने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार