सिंहेश्वर (मधेपुरा) से सुशांत कुमार की रिपोर्ट Madhepura News : सिंहेश्वर स्थित ग्रीन फील्ड इंटरनेशनल स्कूल में लायन्स क्लब मधेपुरा द्वारा लायन इंटरनेशनल पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर एक भव्य जागरूकता सेमिनार एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ. जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं लायन्स क्लब के पदाधिकारियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया. इस मौके पर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. वक्ताओं ने बताया कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के खतरे को देखते हुए हर व्यक्ति को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनना आवश्यक है. बच्चों को पेड़- पौधों के महत्व, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों पर प्रेरित किया गया. इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विद्यालय परिसर में पौधारोपण रहा. जहां दो फलदार पौधे लगाए गए. यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है. बल्कि बच्चों को प्रकृति के प्रति जुड़ाव और जिम्मेदारी का संदेश भी देती है. इस अवसर पर स्कूल के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक मनमोहक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया. बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक और प्रेरित किया. कार्यक्रम में लायंस क्लब मधेपुरा के अध्यक्ष लायन इंद्रनील घोष, सचिव लायन आलोक मंडल, एलसीआईएफ चेयरपर्सन लायन मनीष सर्राफ, कोषाध्यक्ष लायन प्रमोद अग्रवाल, लायन रुपेश रुपक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. साथ ही विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में लायन आलोक कुमार (सचिव, लायन्स क्लब मधेपुरा) ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रहेंगे. वहीं ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक रुपेश कुमार रूपक और कुंदन कुमार नें कहा यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.