किशनगंज से रिपोर्ट:
Prabhat Khabar Pratibha Samman 2026: आज किशनगंज हजारों सपनों का साक्षी बनेगा. मेहनत, संघर्ष और सफलता का उत्सव प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 के रूप में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेगा. समारोह में प्रतिभाओं की उपलब्धियों को सलाम किया जाएगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
सुबह 10 बजे से होगा भव्य आयोजन
प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 का आयोजन सुबह 10 बजे से एमजीएम मेडिकल कॉलेज, माता गुजरी यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम, खगड़ा चौक में होगा. समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा. बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, शिक्षाविद और समाज के गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
सम्मान के साथ मिलेगा करियर मार्गदर्शन
यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगा. विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर और विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा. इससे छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिलेगी.
मेहनत और संघर्ष को मिलेगा सम्मान
समारोह में जब एक-एक मेधावी छात्र-छात्रा का नाम मंच से पुकारा जाएगा, तब उनके साथ-साथ माता-पिता के त्याग, शिक्षकों की मेहनत और वर्षों की लगन को भी सम्मान मिलेगा. हर सम्मान-पत्र विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा.
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का उत्सव
‘आपकी सफलता, हमारा अभिमान’ की भावना के साथ आयोजित यह समारोह जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का उत्सव बनेगा. पूरे किशनगंज की निगाहें इस आयोजन पर टिकी हैं, जहां मेधा का सम्मान होगा और नई सफलता की कहानियां लिखी जाएंगी.
और पढ़ें: सीमांचल में घने बादलों का डेरा, कई इलाकों में आज झमाझम बारिश के आसार
