हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर सलारपुर की भूमि से हटाया अतिक्रमण
प्रखंड की कुल्हड़िया पंचायत अंतर्गत स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, सलारपुर की भूमि पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी
By RAJKISHORE SINGH |
June 13, 2026 6:45 PM
परबत्ता.
प्रखंड की कुल्हड़िया पंचायत अंतर्गत स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, सलारपुर की भूमि पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि पर कथित रूप से किये गये अतिक्रमण को हटाकर परिसर को मुक्त कराया गया. अंचलाधिकारी हरिनाथ राम ने बताया कि हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर की लगभग डेढ़ बीघा भूमि के विभिन्न हिस्सों पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर झोपड़ी, मवेशी शेड, भूसा रखने की व्यवस्था तथा निर्माण कार्य किए जाने की सूचना मिली थी. मामले की जांच एवं जिला प्रशासन के निर्देश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गयी. अभियान के दौरान अंचलाधिकारी हरिनाथ राम, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी स्नेहलता कुमारी, परबत्ता थाना की पुलिस टीम तथा अन्य प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे. प्रशासन ने जेसीबी की सहायता से स्थल पर किए गए निर्माण एवं अन्य अवरोधों को हटाया. अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि पर निर्माणाधीन ढांचे को भी हटाया गया. कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. अंचलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि को उसके निर्धारित उपयोग के लिए सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने बताया कि हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर की भूमि को फिलहाल अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है.
...