महेशखूंट में रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति ने मांगों को लेकर दिया धरना

धरना की अध्यक्षता समिति के सह संयोजक वासुदेव बिहारी ने किया

By RAJKISHORE SINGH | February 22, 2026 10:18 PM

महेशखूंट. रेलवे स्टेशन परिसर में 13 सूत्री मांगों को लेकर बिहार पूर्व रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति महेशखूंट शाखा ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. धरना की अध्यक्षता समिति के सह संयोजक वासुदेव बिहारी ने किया. जबकि मंच संचालन सह संयोजक मो. रिजवान ने किया. केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी ने संबोधित करते हुए कहा कि महेशखूंट स्टेशन से रेल प्रशासन को अच्छी कमाई होती है, लेकिन यात्री सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है. अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल स्टेशन के विस्तारीकरण को तेज करने, रेक पॉइंट का निर्माण, पश्चिमी केबिन ढाला पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का कार्य शुरू करने, अवध आसाम, सीमांचल व आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, सीनियर सिटीजन व दिव्यांगजनों को रियायती टिकट, सभी ट्रेनों के लेट होने की समस्या समाप्त कर नियमित परिचालन आदि प्रमुख मांगें शामिल है. श्री जोशी ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. श्री जोशी ने बताया कि महेशखूंट स्टेशन के निकट गोगरी, परबत्ता, चौथम, बेलदौर प्रखंड है. जहां लगभग 9 लाख की आबादी का आवागमन होता है. साथ ही खगड़िया जिला सहित सहरसा, सुपौल, मधेपुरा के लाखों लोग आवागमन के लिए महेशखूंट स्टेशन का उपयोग करते हैं. रेल को करोड़ों रुपये का राजस्व भी प्राप्त होता है. लेकिन महेशखूंट स्टेशन पर रैक प्वाइंट का निर्माण नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अमृत भारत स्टेशन विकास योजना में महेशखूंट स्टेशन के निर्माण कार्यों में गति नहीं है. उन्होंने कहा कि 13071/72 जमालपुर-हावड़ा सुपरफास्ट का मार्ग विस्तार करते हुए कटिहार-सहरसा अथवा सुपौल से चलाने की मांग की. मौके अशोक पासवान, पुलकित गोस्वामी, उदमी लाल पौद्दार, राकेश यादव, चंदन कश्यप, विजय पासवान, सुचित पासवान सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे.