देवका से लापता दोनों छात्राएं सकुशल बरामद, पुलिस दबिश के बाद घर लौटीं

Khagaria news: जानकारी के अनुसार देवका निवासी उमेश सिंह ने चौथम थाना में आवेदन देकर बताया था कि दोनों छात्राएं कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थीं. इसी दौरान उन्होंने अपनी एक सहेली को किताब देकर घर वापस भेज दिया और उसके बाद दोनों अचानक लापता हो गईं. काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाना पहुंचकर पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई.

By Shruti Kumari | May 28, 2026 1:23 PM

चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट:

Khagaria news: चौथम थाना क्षेत्र के देवका भगवती स्थान के समीप से बीते सोमवार को लापता हुई दोनों छात्राओं को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. छात्राओं के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है. घटना को लेकर इलाके में कई दिनों से तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं.

जानकारी के अनुसार देवका निवासी उमेश सिंह ने चौथम थाना में आवेदन देकर बताया था कि दोनों छात्राएं कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थीं. इसी दौरान उन्होंने अपनी एक सहेली को किताब देकर घर वापस भेज दिया और उसके बाद दोनों अचानक लापता हो गईं. काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाना पहुंचकर पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई.

मामले को गंभीरता से लेते हुए चौथम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान में जुटी हुई थी.

चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली कि पारिवारिक दबाव के कारण दोनों छात्राएं दिल्ली चली गई थीं. पुलिस की लगातार दबिश और खोजबीन के बाद दोनों छात्राएं वापस चौथम थाना पहुंचीं.

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों छात्राओं का फर्द बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

छात्राओं के सकुशल मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है.