खगड़िया में 45 साल पुराने क्लिनिक में देर रात लगाई आग, CCTV में कैद हुए नकाबपोश बदमाश

Khagaria Crime News: खगड़िया के मथुरापुर में सनसनी. डॉक्टर के क्लिनिक में आगजनी से लाखों का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी

By Pratyush Prashant | May 24, 2026 10:28 AM

Khagaria Crime News: अमित कुमार की रिपोर्ट. मथुरापुर वार्ड संख्या 07 स्थित एक पुराने क्लिनिक में देर रात आग लगा दिए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. असामाजिक तत्वों द्वारा की गई इस आगजनी में क्लिनिक में रखी सभी दवाएं और अन्य सामान जलकर राख हो गए. पीड़ित डॉक्टर ने घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई है. वहीं पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है.

मरीज देखकर घर लौटे थे डॉक्टर, रात में मिली आग की सूचना

पीड़ित डॉक्टर भूषण ने बताया कि शनिवार शाम रोज की तरह मरीजों का इलाज करने के बाद वह घर लौट गए थे. देर रात सूचना मिली कि उनके डॉ लड्डू लाल क्लिनिक में आग लग गई है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया.

हालांकि तब तक क्लिनिक में रखी दवाएं, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी. डॉक्टर के अनुसार इस घटना में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है.

CCTV फुटेज में दिखे नकाबपोश बदमाश

डॉ भूषण ने आरोप लगाया कि आपसी रंजिश में तीन नकाबपोश बदमाशों ने क्लिनिक में आग लगाई है. उन्होंने बताया कि पूरी घटना क्लिनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में कुछ लोग आग लगाते हुए नजर आ रहे हैं.

घटना की जानकारी तुरंत डायल 112 और नगर थाना पुलिस को दी गई. डॉक्टर ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

45 साल पुराने क्लिनिक के जलने से इलाके में चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह क्लिनिक पिछले 45 वर्षों से इलाके के लोगों को चिकित्सा सेवा दे रहा था. क्लिनिक में आग लगने की घटना के बाद आसपास के लोगों में भी नाराजगी और चिंता देखी जा रही है.

लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सुरक्षा बढ़ी, पहले से रची गई थी हमले की साजिश, तीसरा आरोपी अब भी फरार