परबत्ता के विद्यालयों में गूंजा योग का संदेश, शिक्षकों और छात्रों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

International Yoga Day 2026: योग दिवस पर परबत्ता के स्कूलों में योग और स्वास्थ्य का अनोखा संगम देखने को मिला. शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया और योग के महत्व को समझा.

By Pratyush Prashant | June 21, 2026 10:54 AM

परबत्ता(खगड़िया) से पलटु झा की रिपोर्ट

International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को परबत्ता प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. मध्य विद्यालय बिठला और मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखंड में आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा बच्चों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया.

जब स्कूल परिसर बना योग का केंद्र

मध्य विद्यालय बिठला में आयोजित योग कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया. शिक्षक आशुतोष कुमार, मो. रियाज उद्दीन, सजन कुमार, कपिलदेव प्रसाद चौरसिया, उषा कुमारी, सिंधू कुमारी, प्रेमलता कुमारी, ज्योति कुमारी और शकीला खातून ने बच्चों के साथ विभिन्न योगासन किए. इस दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी दी.

तेज प्रताप ने FIR में आकाश के साथ अनुष्का यादव को भी बनाया आरोपी, जानिए आवेदन में क्या-क्या लिखा?

‘योग स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी’

मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का एक प्रभावी माध्यम है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की.

भारत की प्राचीन विरासत से रूबरू हुए छात्र

शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रतीक के रूप में अपना रही है. उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करता है.

International Yoga Day 2026: स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

योगाभ्यास के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विधियों की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर शिक्षक निरंजन कुमार, रामविनोद साह, उत्कर्ष कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

विद्यालयों में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया.

Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में सीवान में निकला कैंडल मार्च, भाकपा-माले और आइसा ने उठाए सवाल