वर्ष 2030 तक भारत ड्रोन तकनीकी के क्षेत्र में बनेगा वैश्विककेंद्र:प्राचार्य

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में सी-डैक पटना द्वारा छात्रों को ड्रोन तकनीकी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गयी

By Prabhat Khabar News Desk | May 18, 2024 3:43 PM

खगड़िया. राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में सी-डैक पटना द्वारा छात्रों को ड्रोन तकनीकी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गयी. इंजीनियरिंग कॉलेज में 40 घंटे का आयोजित ड्रोन तकनीकी कार्यशाला में दर्जनों छात्रों ने भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ मणि भूषण, स्टार्टअप इंचार्ज प्रोफेसर विशाल कुमार चौधरी सी-डैक पटना के वैज्ञानिक हरिहरन कृष्णन, प्रबंधक सिद्धांत एवं स्टार्टअप को-ऑर्डिनेटर रवि कुमार ने किया. प्राचार्य डॉ मणि भूषण ने ऊर्जावान छात्र-छात्राओं को नई तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने एवं स्वरोजगार के लिए स्टार्टअप के प्रति सजग करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी. सी-डैक पटना के वरिष्ठ निदेशक आदित्य कुमार सिन्हा ने बताया कि यह बूट कैंप कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है. श्री सिन्हा ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ड्रोन तकनीकी के विभिन्न पहलुओं के बारे में अवगत करना है. ताकि वर्ष 2030 तक भारत ड्रोन तकनीकी के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बन सके. कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी छात्र छात्राओं व स्टार्टअप सेल के छात्र प्रतिनिधि नवीन कुमार एवं रक्षित उमंग की अहम भूमिका रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है