गोवा में करंट लगने से खगड़िया के मजदूर की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Goa Accident News: रोजगार की तलाश में गोवा गए खगड़िया के एक प्रवासी मजदूर की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. करंट लगने से हुई इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

By Pratyush Prashant | May 27, 2026 1:34 PM

अलौली से प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट.
Goa Accident News: खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड अंतर्गत बहादुरपुर थाना क्षेत्र की शुम्भा पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी सुरेंद्र कुमार की गोवा में करंट लगने से मौत हो गई. जैसे ही घटना की सूचना गांव पहुंची, मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

निर्माण स्थल पर हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय सुरेंद्र कुमार गोवा में एक बहुमंजिला भवन निर्माण स्थल पर मजदूरी का काम करता था. मंगलवार को वह मशीन से लोहे की छड़ काट रहा था. इसी दौरान कटर मशीन में अचानक तेज विद्युत करंट उतर आया.

करंट की चपेट में आते ही सुरेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया. मौके पर मौजूद साथी मजदूरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

परिवार का इकलौता कमाने वाला था सुरेंद्र

ग्रामीणों के अनुसार सुरेंद्र कुमार अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी. वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और बेहतर जिंदगी की उम्मीद में गोवा गया था.

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सुरेंद्र अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है. पुत्र आर्यन कुमार और पुत्री राधा कुमारी अभी इतने छोटे हैं कि उन्हें इस बड़े हादसे का पूरी तरह एहसास भी नहीं है. पिता की मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

गांव में पसरा मातम

घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया. आसपास के लोग मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे. स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आए.

आर्थिक सहायता की उठी मांग

पूर्व मुखिया प्रतिनिधि सह रविदास संगठन के खगड़िया जिलाध्यक्ष विनोद राम ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. साथ ही उन्होंने मृतक का शव पैतृक गांव लाने के लिए प्रशासन से पहल करने की अपील की है.

प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा के लिए सख्त इंतजाम जरूरी हैं.

Also Read: Gaya Ji News: इमामगंज में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण