KHAGARIA तेज आंधी एवं बारिश ने बरपाया कहर, बिजली व्यवस्था ध्वस्त, किसानों की बढ़ी चिंता

परबत्ता एवं आसपास के इलाकों में बीते देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई.

By MD. TAZIM | May 5, 2026 10:14 AM

परबत्ता खगड़िया से पलटु झा की रिपोर्ट:

परबत्ता एवं आसपास के इलाकों में बीते देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई. अचानक बदले मौसम ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं किसानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. तेज हवा के कारण कई जगहों पर बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे देर शाम से ही इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है.बिजली विभाग जेई ने बताया की आंधी-पानी से कई स्थानों पर विद्युत तार टूट गए हैं तथा पोल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. ऐसे में बिजली व्यवस्था को सामान्य करने में कई घंटे लग सकते हैं. बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग एवं अन्य दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वहीं तेज बारिश और आंधी का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है. आम एवं लीची की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में कच्चे फल पेड़ों से टूटकर गिर गए, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है. इसके अलावा खेतों में लगभग पक चुकी मक्के की फसल भी आंधी और बारिश की चपेट में आकर जमीन पर गिर गई है. कई किसानों ने बताया कि कटाई से ठीक पहले फसल के जमींदोज हो जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. किसानों का कहना है कि मौसम की मार लगातार उनकी कमर तोड़ रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पूरी रात मौसम की मार झेलते रहे. प्रशासन एवं बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हुई है.