जनता दरबार में चार भूमि विवादों का निपटारा, प्रतिवादियों की गैरहाजिरी से मायूस लौटे फरियादी
Beldaur Janta Darbar: बेलदौर अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में चार भूमि विवादों का निपटारा किया गया, जबकि पांच नए मामलों का पंजीकरण हुआ. प्रतिवादियों की गैरहाजिरी के कारण कई मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी. वर्तमान में 33 भूमि विवाद लंबित हैं.
बेलदौर से रिपोर्ट
Beldaur Janta Darbar: भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में पूर्व से लंबित चार मामलों का निष्पादन किया गया. वहीं, पांच नए भूमि विवाद से संबंधित मामलों को सुनवाई के लिए पंजीकृत किया गया. हालांकि कई मामलों में प्रतिवादी पक्ष के अनुपस्थित रहने से फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा.
प्रमुख बातें
- जनता दरबार में चार लंबित भूमि विवादों का निष्पादन.
- पांच नए मामलों का पंजीकरण किया गया.
- 33 भूमि विवाद अभी भी लंबित.
- प्रतिवादियों की गैरहाजिरी से कई मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी.
- नोटिस की अनदेखी करने वालों पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी.
जनता दरबार में अंचलाधिकारी अमित कुमार, राजस्व पदाधिकारी सत्यनारायण झा एवं थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दोनों पक्षों की मौजूदगी में उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों की जांच कर चार मामलों का निष्पक्ष निपटारा किया.
33 भूमि विवाद अब भी लंबित
राजस्व पदाधिकारी सत्यनारायण झा ने बताया कि जनता दरबार में वर्तमान में भूमि विवाद के 33 मामले लंबित हैं. उन्होंने कहा कि बार-बार नोटिस तामील कराने के बावजूद कई मामलों में द्वितीय पक्ष उपस्थित नहीं हो रहा है, जिससे समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन प्रभावित हो रहा है.
गैरहाजिर पक्षकारों पर हो सकती है कार्रवाई
राजस्व पदाधिकारी ने कहा कि लगातार नोटिस की अवहेलना करने वाले पक्षकारों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए एकपक्षीय आदेश पारित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है.
इंतजार के बाद मायूस लौटे फरियादी
चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचे कई फरियादी पूरे दिन प्रतिवादी पक्ष के आने का इंतजार करते रहे. लेकिन देर शाम तक कई मामलों में प्रतिवादी उपस्थित नहीं हुए, जिससे संबंधित मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी और फरियादियों को बिना समाधान के लौटना पड़ा.
जनता दरबार में अंचल लिपिक पंकज कुमार, सरपंच प्रतिनिधि हरदेव यादव, पूर्व उपसरपंच शिव कुमार अग्रवाल सहित दो दर्जन से अधिक फरियादी मौजूद रहे.
