KHAGARIA NEWS: बस-ऑटो की टक्कर में अधेड़ यात्री का पैर फ्रैक्चर, आक्रोशित परिजनों ने चालक को पीटा

जीरोमाइल–पीडब्ल्यूडी रोड पर बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस दौरान ऑटो में सवार बेलदौर नगर पंचायत वार्ड संख्या-13 निवासी जीतन मंडल (60 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

By Shruti Kumari | May 9, 2026 12:13 PM

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट:

खगड़िया: बेलदौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बस और ऑटो के बीच हुई टक्कर में 60 वर्षीय एक अधेड़ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनका बायां पैर पूरी तरह फ्रैक्चर हो गया.

जानकारी के अनुसार, जीरोमाइल–पीडब्ल्यूडी रोड पर बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस दौरान ऑटो में सवार बेलदौर नगर पंचायत वार्ड संख्या-13 निवासी जीतन मंडल (60 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने बेलदौर बस स्टैंड पहुंचकर बस को रोक लिया. इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने बस चालक की पिटाई कर दी. स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की गई.

घायल जीतन मंडल को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

इधर, थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया है. मामले में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस से झड़प के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.