बाइक की डिक्की तोड़कर 2 लाख 29 हजार की चोरी

पुलिस मामले की छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है

By RAJKISHORE SINGH | January 29, 2026 10:01 PM

बेलदौर. थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत के आजादनगर गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी बाइक की डिक्की तोड़कर उचक्कों द्वारा 2 लाख 29 हजार रुपये लेकर फरार हो जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पनसलवा गांव निवासी मनीष कुमार ने बेलदौर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित के मुताबिक गुरुवार की दोपहर वे बेलदौर बाजार स्थित एसबीआई शाखा से एक लाख रुपए जबकि एटीएम से 40 हजार रुपए एवं चचेरा भाई छंगुरी कुमार द्वारा एसबीआई शाखा बेलदौर से 49 हजार रुपये व एटीएम से 40 हजार निकासी कर दिए गए. कुल 2 लाख 29 हजार रुपए बाइक की डिक्की में रखकर भरना गांव होते हुए आजाद नगर पहुंचा एवं आजाद नगर गांव समीप बाइक को सड़क पर खड़ी करके खेत देखने चले गए. इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर नकाबपोश दो उच्चकों ने डिक्की का ताला तोड़कर उसमें रखें 2 लाख 29 हजार रुपये निकाल कर भरना बेलदौर की ओर फरार हो गया. ग्रामीणों के सहयोग से उच्चकों का पीछा भी किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. वही पीड़ित ने बताया कि उचक्के बैंक से ही उनका पीछा करते हुए घटनास्थल तक पहुंचे एवं मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया. इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.