– अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़ कटिहार जिले में इन दिनों बदलते मौसम का सीधा असर लोगों की सेहत पर देखने को मिल रहा है. लगभग हर घर में कोई न कोई व्यक्ति वायरल बीमारियों की चपेट में है. सदर अस्पताल से लेकर निजी क्लीनिक तक सर्दी, खांसी, बुखार और पेट संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. खासकर बच्चों में संक्रमण का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है. अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है. सदर अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन मरीजों की लंबी कतार लग रही है. डॉक्टरों के अनुसार, रोजाना लगभग 600 से 700 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. 150 से अधिक मरीज वायरल बुखार, सर्दी और खांसी से पीड़ित हैं. चिकित्सक मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां और परामर्श देकर उन्हें घर भेज रहे हैं. गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. डॉक्टर के अनुसार मौसम में हो रहे लगातार बदलाव कभी बारिश, कभी तेज धूप, तो कभी ठंड का एहसास शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में शरीर को नए वातावरण के अनुरूप ढलने में समय लगता है. जिससे लोग आसानी से बीमार पड़ जाते हैं. सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ एसपी विनकर ने बताया कि इस मौसम में वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है. संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से भी बीमारी का खतरा बढ़ जाता है. खांसी, बुखार, नाक बंद, छींक, सिरदर्द और शरीर दर्द जैसे लक्षण आम हैं लेकिन यदि बुखार तीन दिनों से अधिक समय तक बना रहे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए. डॉक्टरों ने खासकर बच्चों के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी है. खान-पान पर विशेष ध्यान देने, फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक और ठंडे पानी से परहेज करने को कहा गया है. स्वच्छता बनाए रखने और मौसम के अनुसार कपड़े पहनने की भी हिदायत दी गई है.