कैमूर में आकाशीय बिजली गिरने से दो गायों की मौत, पशुपालक को भारी नुकसान

Kaimur News: कैमूर जिले के रामगढ़ नगर पंचायत में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक टेंट व्यवसायी का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दमकल टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

By Ragini Sharma | May 29, 2026 2:21 PM

Kaimur News:(राजू कुमार) कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत करमचट थाना क्षेत्र के मझिगावां गांव में शुक्रवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया.

जानकारी के अनुसार, सुबह अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान गांव के दक्षिण स्थित बधार में चर रही दो गायें आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं. तेज धमाके के साथ गिरी बिजली से दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई.

पशुपालक को करीब 60 हजार रुपये का नुकसान

मृत गायें गांव निवासी जय कुमार यादव उर्फ लोहा यादव की थीं. पीड़ित पशुपालक ने बताया कि वह किसान हैं और पशुपालन के जरिए ही परिवार का भरण-पोषण करते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पास लगभग 10 से 12 गायें हैं, जिन्हें रोजाना की तरह सुबह चराने के लिए बधार में ले जाया गया था. तभी अचानक बिजली चमकी और दो गायों पर गिर गई. जब वे दौड़कर मौके पर पहुंचे तो दोनों गायें मृत अवस्था में पड़ी थीं। इस घटना में उन्हें करीब 60 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है.

घटना के बाद मवेशियों में मची भगदड़

बिजली गिरने के बाद आसपास चर रहे अन्य मवेशी डर के कारण इधर-उधर भागने लगे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया.

पीड़ित परिवार ने की मुआवजे की मांग

घटना के बाद पीड़ित पशुपालक ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि पशुपालन ही उनके परिवार की आय का मुख्य साधन है और इस नुकसान से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है.

क्या बोले थानाध्यक्ष

इस संबंध में करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

प्रशासन की अपील

समाचार के माध्यम से लोगों से अपील की गई है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ों के नीचे न रहें. साथ ही मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके. मझिगावां गांव में आकाशीय बिजली गिरने की यह घटना प्राकृतिक आपदा के खतरों को फिर सामने लाती है. समय रहते सावधानी और जागरूकता ही ऐसी घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है.

Also Read:कैमूर में बिजली गिरने से टेंट हाउस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; इलाके में मची अफरा-तफरी