Bhabua Restaurant Extortion Case : कैमूर जिले के भभुआ शहर में एक रेस्टोरेंट संचालक से 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर भभुआ थाना में नामजद आरोपी और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
भभुआ शहर के वार्ड संख्या-11 निवासी और जायका रेस्टोरेंट के संचालक जयप्रकाश ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वार्ड संख्या-11 निवासी अभिषेक कुमार गौड़ ने दो दिन पहले उनसे 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग की थी. रुपये देने से इनकार करने के बाद विवाद शुरू हुआ.
Kaimur News : खाने के पैसे नहीं दिए, मना करने पर दी धमकी
आरोप के अनुसार, एक जुलाई की शाम करीब 8:30 बजे अभिषेक कुमार गौड़ रेस्टोरेंट पर खाना पार्सल लेने पहुंचा. उसने खाने का भुगतान करने से इनकार कर दिया. कर्मचारियों ने बिना पैसे लिए खाना देने से मना किया तो वह वहां से चला गया. कुछ देर बाद उसने फोन कर जान से मारने की धमकी दी.
रेस्टोरेंट में घुसकर की तोड़फोड़
पीड़ित का आरोप है कि रात करीब 10:50 बजे आरोपी तीन अज्ञात युवकों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा. वहां कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, शीशे का गेट और कंप्यूटर तोड़ दिया तथा रसोई में घुसकर सामान बिखेर दिया. विरोध करने पर एक कर्मचारी का गला दबाने का भी आरोप लगाया गया है.
Kaimur News : पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस से अपनी और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. भभुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
