रतनी (जहानाबाद) से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
Jehanabad Morhar River : सरकार जहां नमामि गंगे अभियान के तहत नदियों की सफाई और संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं जहानाबाद से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित शकूराबाद बाजार में मोरहर नदी में खुलेआम कूड़ा-कचरा फेंके जाने से नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार के व्यवसायी दिन-रात नदी में कचरा, मलबा और अन्य अपशिष्ट डाल रहे हैं, जिससे पुल के नीचे बने छह दरों में से लगभग पांच दर बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं.
पुल के नीचे तेजी से भर रहा कचरा
शकूराबाद बस पड़ाव के समीप मोरहर नदी पर बने पुल के नीचे ठेला, बोरी और अन्य साधनों से कूड़ा-कचरा तथा पुराने मकानों का मलबा फेंका जा रहा है. लोगों का कहना है कि यह सिलसिला लंबे समय से जारी है. लगातार जमा हो रहे कचरे के कारण पुल के दरों में पानी के बहाव की क्षमता घटती जा रही है.
बरसात में बढ़ सकता है बाढ़ का खतरा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बरसात के दिनों में मोरहर नदी उफान पर रहती है और कई बार पुल के ऊपर से तीन फीट तक पानी बह चुका है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है. यदि समय रहते कचरा फेंकने पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में पुल के सभी दर बंद हो सकते हैं और शकूराबाद क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ जाएगा.
पहले भी लिया गया था जुर्माना लगाने का निर्णय
गत वर्ष स्वच्छता को लेकर आयोजित बैठक में नदी में कचरा फेंकने वालों पर 500 रुपये जुर्माना लगाने और निगरानी टीम गठित करने का निर्णय लिया गया था. उस समय जेसीबी से नदी की सफाई भी कराई गई थी, लेकिन बाद में निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं रही और फिर से कचरा डालने का सिलसिला शुरू हो गया.
नदी से हजारों एकड़ भूमि होती है सिंचित
मोरहर नदी से इलाके की हजारों एकड़ कृषि भूमि सिंचित होती है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार अतिक्रमण और गाद भरने से नदी संकरी होती जा रही है, जिससे बाढ़ के समय पानी तेजी से खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में फैलता है.
कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन वर्ष पहले अदालत ने मोरहर नदी की गाद उड़ाही और पूर्वी तट पर सड़क निर्माण के लिए बाढ़ एवं जल निकासी प्रमंडल, एकंगरसराय को कार्रवाई का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नदी में कचरा फेंकने पर रोक लगाने और मोरहर नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
