जमुई में दिनदहाड़े रिक्शा चालक की हत्या, RJD बोली- अब हर गली में अपराध, बिहार में कोई सुरक्षित नहीं

Bihar News: बिहार के जमुई में दिनदहाड़े ई-रिक्शा चालक अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. इस वारदात को लेकर RJD ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है.

By Abhinandan Pandey | March 31, 2026 5:03 PM

Bihar News: बिहार के जमुई में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर लखन धनामा गांव के पास ई-रिक्शा चालक अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश है. इस घटना पर राजद ने प्रतिक्रिया दी है.

बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने अशोक यादव को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं. गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अशोक यादव ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया. एसडीओ सौरव कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन और सदर थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

हत्या के कारणों का नहीं चला पता

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है.

RJD का हमला- अब हर गली में अपराध

इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी ने कहा है कि जब आम आदमी की सरेआम हत्या होने लगे, तो समझिए हालात बेहद खतरनाक हो चुके हैं. अब अपराधियों के लिए हथियार और अपराध करना आसान हो गया है. हर गली में अपराध हो रहा है. RJD ने आगे कहा कि बिहार में अब आम लोगों का जीवन असुरक्षित हो गया है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.

जमुई में दिनदहाड़े रिक्शा चालक की हत्या, rjd बोली- अब हर गली में अपराध, बिहार में कोई सुरक्षित नहीं 2

सरकार पर गंभीर आरोप

RJD ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृहमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता की राजनीति में व्यस्त सरकार जनता की सुरक्षा भूल चुकी है. पार्टी ने कहा कि पुलिस तंत्र भी भ्रष्टाचार और नाकामी में डूबा हुआ है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.

लोगों में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग

इस जघन्य हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है. फिलहाल, पूरे मामले पर पुलिस की कार्रवाई जारी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Also Read: धूमल को पर्यटन, अनंत सिंह को प्रदूषण की कमान, बिहार विधानसभा की समितियों में बागी फैसल-मनोहर भी बने अध्यक्ष