Indian Railways: भागलपुर से सीधे महाकाल और द्वारका का सफर, IRCTC की भारत गौरव ट्रेन से 9 दिन में 6 बड़े तीर्थों के दर्शन

Indian Railways: अब बिना झंझट, बिना अलग-अलग टिकट और होटल की चिंता किए भागलपुर से सीधे ज्योतिर्लिंग दर्शन का मौका. ज्योतिर्लिंग दर्शन के साथ अक्षरधाम मंदिर’ नाम की यह यात्रा 11 मार्च 2026 को भागलपुर स्टेशन से शुरू होगी. 9 दिनों की इस यात्रा के लिए लोगों में इतना उत्साह है कि वातानुकूलित (AC) कोच की सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं.

By Pratyush Prashant | January 29, 2026 3:08 PM

Indian Railways: धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए IRCTC 11 मार्च 2026 को भागलपुर से ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन’ रवाना कर रहा है. यह 8 रात और 9 दिनों की विशेष तीर्थ यात्रा होगी, जिसमें श्रद्धालु चार प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के साथ-साथ द्वारिकाधीश और अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कर सकेंगे.

पूर्वी बिहार और आसपास के इलाकों के श्रद्धालुओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जहां एक ही पैकेज में यात्रा, ठहराव, भोजन और दर्शन की पूरी व्यवस्था मिलेगी.

चार ज्योतिर्लिंग और कृष्ण नगरी का संगम

इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालु श्री महाकालेश्वर (उज्जैन), श्री ओंकारेश्वर (मध्यप्रदेश), श्री नागेश्वर (गुजरात) और श्री सोमनाथ (गुजरात) के दर्शन करेंगे. इसके साथ ही भगवान कृष्ण की नगरी द्वारिका स्थित द्वारिकाधीश मंदिर और बेट द्वारिका का भ्रमण कराया जाएगा.

यात्रा के दौरान अहमदाबाद और दिल्ली के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर भी दर्शन सूची में शामिल हैं, जो इस पैकेज को और खास बनाता है.

भागलपुर से निकलेगी भारत गौरव ट्रेन, ये रहेगा रूट

आईआरसीटीसी कोलकाता के अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन भागलपुर से चलकर जमालपुर, क्यूल, पटना, गया और सासाराम होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) पहुंचेगी. यहां से यह पश्चिम भारत और मध्य भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की ओर रवाना होगी.

पूरी यात्रा 19 मार्च 2026 को समाप्त होगी. अब तक करीब 200 श्रद्धालु अपनी सीट बुक करा चुके हैं, जिससे इस टूर पैकेज की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

किराया ऐसा कि हर वर्ग कर सके यात्रा

आईआरसीटीसी ने इस पैकेज को तीन श्रेणियों में बांटा है, ताकि यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार चुनाव कर सकें. इकोनॉमी क्लास (स्लीपर) का किराया 18,850 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. थ्री एसी (3 AC) के लिए 33,995 रुपये प्रति व्यक्ति चुकाने होंगे. टू एसी (2 AC) श्रेणी में यात्रा करने वालों को 41,990 रुपये प्रति व्यक्ति देने होंगे.

तीनों ही श्रेणियों में यात्रियों को ऑल-इनक्लूसिव सुविधा मिलेगी, जिसमें ट्रेन यात्रा, शुद्ध शाकाहारी भोजन, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय बसों से भ्रमण और टूर गाइड की सुविधा शामिल है. यात्रियों को सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना ट्रेन में ही मिलेगा. तीर्थ स्थलों पर होटल में ठहराव और दर्शन स्थलों तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था भी IRCTC करेगा. श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की अतिरिक्त व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

ग्रुप बुकिंग पर मिलेगा खास तोहफा

यदि 10 या उससे अधिक लोग एक साथ बुकिंग कराते हैं, तो IRCTC की ओर से उन्हें विशेष उपहार दिया जाएगा. यह ऑफर परिवार, मित्र समूह और धार्मिक संगठनों के लिए खास तौर पर आकर्षक है.

Also Read: बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 51 अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट