Indian Railway: बिहार के रेल यात्रियों को सफर के दौरान नई-नई सुविधाएं मिलने वालीं हैं. सुरक्षा को देखते हुए भी खास तोहफा मिलने वाला है. पूर्व मध्य रेलवे के पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र स्टेशन समेत लगभग 50 स्टेशनों को ड्रोन मिलने वाला है, जिसके बाद स्टेशनों पर उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ और हर एक गतिविधि पर ड्रोन से ही नजर रखी जाएगी.
रेलवे ने मांगी रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे को अगले साल (2027) मार्च महीने में ड्रोन उपलब्ध कराया जा सकता है. पटना जंक्शन आरपीएफ को पायलट प्रोजेक्ट के तहत एक ड्रोन दिया गया है. इसके संचालन को लेकर जवानों को ट्रनिंग भी दी गई है. ऐसे में अन्य स्टेशनों की लिस्ट और यात्री क्षमता को लेकर पूरी रिपोर्ट मांगी गई है. इसके बाद ही स्टेशनों को ड्रोन दिए जायेंगे.
इन स्टेशनों को दिए जायेंगे ड्रोन
बताया जा रहा है कि बिहार के उन स्टेशनों को यह नई तकनीक दी जाएगी, जहां से हर रोज लगभग 25 हजार से ढाई लाख तक यात्री सफर करते हैं. इस नई व्यवस्था से त्योहारों या फिर किसी खास मौके पर जब रेलवे स्टेशनों पर ज्यादा भीड़ उमड़ती है तो उस वक्त मॉनिटरिंग करना आसान हो सकेगा. यात्रियों की सुरक्षा पर भी नजर रहेगी. साथ ही लाइव मॉनिटरिंग से किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति को देखने पर एक्शन लिया जा सकेगा.
नई डिजाइन वाली मिलेंगी ट्रेनें
जानकारी के मुताबिक, बिहार के यात्री जल्द ही नई सुविधाओं से लैस ट्रेनों में सफर कर सकेंगे. रेलवे की ओर से नई डिजाइन वाली दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन की रैक पूर्व मध्य रेलवे को दी जाएगी. इस ट्रेन की बोगी में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट से लेकर महिला कोचों में सीसीटीवी कैमरे तक लगाए जायेंगे. इसके अलावा टॉयलेट, मॉडर्न कमोड, बेसिन समेत अन्य सुविधाएं होंगी, जिससे यात्रियों का सफर आसान और सुरक्षित हो सकेगा.
महिलाओं को मिलेगी राहत
इस तरह से पैसेंजर ट्रेनों में अब यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह फैसिलिटी मिल सकेगी. ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला खास माना जा रहा है. इससे महिलाएं ट्रेनों में आसानी से बिना डर के सफर कर सकेंगी और असामाजिक तत्वों पर भी खास नजर रहेगी. खास बात यह भी है कि ट्रेन के डिब्बे नो-जर्क तकनीक वाले होंगे.
नए डिब्बों में एडवांस कपलिंग सिस्टम को उपयोग किया गया है, जिससे सफर के दौरान ज्यादा झटके महसूस नहीं होंगे. इसके साथ ही पहियों की ज्यादा आवाज बोगी के अंदर नहीं आएगी, एलईडी लाइटिंग, बेहतर वेंटिलेशन, बेहतर और आरामदायक सीटें, नया इंटीरियर समेत कई सुविधाएं होंगी.
Also Read: बिहार में होगा 6000 करोड़ रुपये का निवेश, लगेंगी 29 फैक्ट्रियां, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
